NEWS

अमरनाथ यात्रा मार्ग पर लंगर सेवा के लिए कांटाफोड़ मंदिर के भक्तों ने जुटाई 16 मीट्रिक टन राशन सामग्री

अमरनाथ यात्रा मार्ग पर लंगर सेवा के लिए कांटाफोड़ मंदिर के भक्तों ने जुटाई 16 मीट्रिक टन राशन सामग्री

बालटाल में -1 डिग्री और बर्फबारी के बीच लंगर सेवा का शेड तैयार

इंदौर,। बोल बम एवं बाबा बर्फानी के जयघोष के बीच सोमवार शाम को नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर से अमरनाथ यात्रा मार्ग पर लंगर सेवा के लिए करीब 16 मीट्रिक टन राशन सामग्री से भरा ट्रक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बालटाल एवं पंचतरणी के लिए रवाना किया गया। इन दोनों स्थानों पर कांटाफोड़ शिव मंदिर को अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी अपनी लंगर सेवा चलाने की अनुमति प्रदान की है। बालटाल में खन्ना-पंजाब के श्री अमरनाथ सेवा दल के सहयोग से पिछले 17 वर्षों से कांटाफोड़ शिव मंदिर द्वारा लंगर सेवा चलाई जा रही है। बालटाल में -1 डिग्री तापमान एवं भारी बर्फबारी के बीच लंगर सेवा के लिए शेड एवं तम्बू लगाने का काम पूरा हो गया है।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग, सुभाष बजरंग एवं संयोजक बी.के. गोयल ने बताया कि कांटाफोड़ मंदिर से जुड़े भक्तों द्वारा पंचतरणी में भी बड़ी लंगर सेवा 3 जुलाई से चलाई जाएगी। सोमवार शाम को मंदिर से लंगर सेवा के लिए जो राशन सामग्री भेजी गई है उसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों संग्रहित 16 मीट्रिक टन से अधिक खाद्यान है। इसमें 76 डिब्बे खाद्य तेल, 55 कट्टे आटा, 151 किलो चाय पत्ती, 400 किलो मिल्क पावडर, 15 कट्टे मक्का-पोहा, 3 कट्टे मक्का, 1 कट्टा रवा, 25 किलो लाल पिसी हुई मिर्च, 3 कट्टे साबूदाना, 4 कट्टे बेसन, 1 क्विटंल 420 पापड़, 1 कट्टा इडली पावडर, 1 कट्टा राई, 1 कट्टा मूंगफली दाना, 3 कट्टे बटले, 8 कट्टे शकर, 1 कट्टा देशी चना, 2 कट्टे चवला, 2 कट्टे राजमा, 14 कट्टी चनादाल, 8 कट्टे छिलके वाली मूंगदाल, 16 कट्टे काबुली चना, 2 कट्टे उड़द मोगर, 4 कट्टे मूंग मोगर, 11 कट्टे तुअर दाल, 1 कट्टा खड़ी मूंग, 4 कट्टे काला उड़द, 1 कट्टा दलिया, 2 डिब्बे शुद्ध घी सहित मिर्च-मसाले एवं अन्य राशन सामग्री शामिल है। शहर के 5 रसोइयें भी लंगर सेवा के लिए वहां भेजे जा रहे हैं जो देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को इंदौर के पोहे-जलेबी, कचोरी-समोसे, ब्रेड पकोड़े एवं मालवा के दाल-बाटी-बाफले, कड़ी-चावल, दूध-चाय सहित परम्परागत भोजन सेवा उपलब्ध कराएँगे। राशन के साथ जरुरतमंदों के लिए 400 कम्बल भी भेजे जा रहे हैं। इंदौर अनाज तिलहन व्यापारी संघ, दालमिल एसो., छावनी अनाज मंडी, दाल चावल व्यापारी एसो., मालवा मिल व्यापारी एसो., सराफा सोना चांदी व्यापारी एसो. एवं अन्य सामाजिक धार्मिक संगठनों द्वारा प्रदत्त सहयोग से यह राशन सामग्री एकत्र हुई है।

मन्दिर से जुड़े भक्तों की मौजूदगी में बाबा बर्फानी के जयघोष के बीच इस ट्रक को बिदाई दी गई। इस मौके पर पूरे माह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर श्रद्धालुओं से राशन सामग्री संग्रहित करने वाले परमानंद वालेचा, विजय काला, हेमंत गर्ग सेठानी, वरुण हरि मंगल एवं अन्य भक्तों ने भी अतिथियों एवं दानदाताओं का स्वागत किया। भक्त मंडल के संदीप गोयल ने बालटाल से लौटकर वहां लगने वाले लंगर के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि इस बार सरकार एवं श्राइन बोर्ड ने भक्तों की सुविधाओं का विस्तारित काम लगभग पूरा कर लिया है। पूरे मार्ग पर फिसलन से बचने के लिए सीमेंट की ईंटे लगाई जा रही है। यात्रा मार्ग पर पक्के रेलिंग भी लगाए जा रहे हैं। रात्रि में आने जाने के लिए बड़े हेलोजन, चिकित्सा केंद्र, सुरक्षा बलों की तैनाती एवं स्काउट गाइड सहित अनेक संगठनों को यात्रा मार्ग का जिम्मा सौंपा जा रहा

है।

 

Shares: