एक ही दिन में योग के 21 गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स
इंदौर। योग को वैश्विक मान्यता के बाद योग की विरासत पर अधिकार की विश्व शक्तियों की कोशिशों को भारत से चुनौती मिली है। हिमालयन सिद्ध अक्षर के नेतृत्व में अक्षर योग केंद्र बेगलुरु ने एक ही दिन में 21 गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स बनाए हैं। गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की आधिकारिक टीम ने प्रमाण पत्र देकर रिकॉर्ड बनने की पुष्टि की है। अब 21 नए गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के साथ अक्षर योग केंद्र योग के क्षेत्र में कुल 42 गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का गौरव प्राप्त कर चुका है। अक्षर योग केंद्र ये 21 विश्व रिकॉर्डस राष्ट्र के वीर सैनिकों को समर्पित किए गए।
इंदौर में अक्षर योग केंद्र के प्रतिनिधि ने बताया कि इस दौरान गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड की आधिकारिक टीम पूरे दिन प्रत्येक प्रयास की निगरानी, सत्यापन और मूल्यांकन के लिए उपस्थित रही। सभी निर्धारित मानकों का पालन करते हुए 21 रिकॉर्ड सफलतापूर्वक घोषित किए गए। भारत के साथ-साथ अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, ताइवान, जापान, कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, सिंगापुर, मलेशिया, इंडोनेशिया, कनाडा, संयुक्त अरब अमीरात सहित कुल 80 देशों के प्रतिभागियों ने इस वैश्विक योग अभियान में भागेदारी की।
इस अवसर पर हजारों योग के प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों के माध्यम से विश्व रिकॉर्ड निर्माण में योगदान दिया। अधिकांश गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफलाइन योगासन के जरिये बनाये गए। इन रिकॉर्ड्स के साथ-साथ ऑनलाइन आयोजित त्राटक ध्यान अभियान में विश्व के हजारों लोगों ने भाग लिया।
एक ही दिन में 21 गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स बनाने के लिए महीनों तक योजनाबद्ध प्रशिक्षण, अनुशासित अभ्यास और सैकड़ों मास्टर्स, स्वयंसेवकों, निर्णायकों तथा आयोजन टीमों ने मई व जून की गर्मी में अथक परिश्रम किया। यह उपलब्धि सामूहिक समर्पण और उत्कृष्ट टीमवर्क का जीवंत उदाहरण है।
इस स्पर्धा में गोमुखासन ,पार्श्वकोणासन, पादहस्तासन जानु शीर्षासन ,प्रसारित पादोत्तानासन ,परिवृत्त त्रिकोणासन, क्रौंचासन ,मत्स्यासन ,भूनमनासन ,उपविष्ट कोणासन , अर्ध चन्द्रासन, उत्थित बद्ध एकपादासन ,परिवृत्त पार्श्वकोणासन, कूर्मासन ,सूर्ययंत्रासन, सुप्त वज्रासन , द्वि पाद विपरीत दण्डासन, बाल-पार्श्व भुज दण्डासन ,काकासन, भुजपीड़ासन, वैश्विक ऑनलाइन त्राटक ध्यान में गिनीज बुक रिकॉर्डस बनाये गए।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अनेक प्रतिष्ठित नेताओं,योग गुरुओं,योग संस्थानों एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों ने अक्षर योग केंद्र और हिमालयन सिद्धा अक्षर को शुभकामनाएँ प्रेषित की। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री प्रतापराव गणपतराव जाधव ने अक्षर योग केंद्र एवं हिमालयन सिद्धा अक्षर के प्रयासों की सराहना की। प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं योग साधिका शिल्पा शेट्टी, अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, कर्नाटक के राज्यपाल, जनप्रतिनिधियों तथा अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की।


