कचनेर वाले बाबा की फिल्म की 22 दिवसीय शूटिंग के लिए इंदौर में अनेक नामी फ़िल्मी सितारों का डेरा, नवम्बर माह में होगी रिलीज
भगवान चिंतामणी पार्श्वनाथ की चमत्कारिक प्रतिमा पर केन्द्रित फिल्म 70 सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी
इंदौर। शहर में इन दिनों एक फिल्म ‘द कॉल ऑफ कचनेर’ की शूटिंग चल रही है। इस फिल्म में महाराष्ट्र के संभाजीनगर (औरंगाबाद) के पास स्थित कचनेर स्थित दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र चिंतामणी पार्श्वनाथ भगवान की चमत्कारिक और दिव्य प्रतिमा का जीवंत चित्रण फिल्माया जा रहा है, जिसमें करीब 12 से कलाकार अण्नी महत्वपूर्ण और दिलचस्प भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म के प्रोड्यूसर इंदौर के राहुल सेठी और पीयूष रावका ने आज वरिष्ठ फिल्म अभिनेता सुधीर पाण्डेय, मशहूर टीवी अभिनेत्री शिल्पा मेहता, मिर्जापुर सीरिज के प्रमुख लक्की खान और मिस यूनिवर्स इंडिया 2018 सलोनी नारंग धाकड़ तथा इंदोरी गोविंदा के नाम से प्रख्यात कलाकार श्याम पाण्डेय के साथ पत्रकारों से चर्चा करते हुए फिल्म के बारे में अनेक जानकारियां साझा की और बताया कि इंदौर में 22 दिनों की शूटिंग चल रही है जो सितम्बर के पहले सप्ताह तक पूरी होगी और उम्मीद है कि नवम्बर माह में यह फिल्म देश के 70 सिनेमाघरों में एक साथ प्रदर्शित हो सकेगी। फिल्म के टाइटल स्पोन्सर्स में भी शहर के प्रमुख समाजसेवी नवीन गोधा जी, आनंद गोधा जी, हर्ष-तृप्ति जैन जी के नाम प्रमुख हैं जो संत शिरोमणि प.पू. विद्यासागर म.सा. के परम प्रभावक शिष्य और राष्ट्रसंत मुनि पुंगव प.पू. श्री सुधासागर महाराज की प्रेरणा से इस फिल्म के निर्माण में सहयोगी बने हैं।
फिल्म के प्रोड्यूसर राहुल सेठी एवं पीयूष रावका ने बताया कि ‘द कॉल ऑफ कचनेर’ की पटकथा काफी दिलचस्प और चमत्कारिक है। करीब 250 वर्ष पहले महाराष्ट के औरंगाबाद (अब संभाजीनगर) में चिंतामणी पार्श्वनाथ की यह प्रतिमा जमीन से प्रकट हुई थी। गाँव के लोगों ने इसे वहां स्थापित कर पूजा शुरू कर दी। इस बीच एक महिला द्वारा रजस्वला स्थिति में मंदिर प्रांगण में आने से यह प्रतिमा खंडित हो गई। कुछ दिनों बाद स्वप्न में भगवान का आदेश मिलता है कि इसे विसर्जन करने की बजाय 7 दिनों तक घी और शकर के घोल में रख दो और प्रतिदिन भजन कीर्तन करो। ग्रामीणों ने ऐसा ही किया तो 8वें दिन यह प्रतिमा जुड़ गई लेकिन आज भी
उस जोड़ पर रक्त के चिन्ह नजर आते हैं। प्रतिमा से निकला हुआ रक्त स्पष्ट दिखाई देता है। यह स्थान दिगम्बर जैन समाज का अतिशय क्षेत्र है और इसी स्थान से जुडी घटनाओं तथा रोचक विवरणों को शामिल करते हुए पिछले एक सप्ताह से इंदौर के आसपास एवं अन्य स्थानों पर इसकी शूटिंग के लिए 60 से अधिक क्रू मेम्बर और अनेक मशहूर अभिनेता तथा अभिनेत्रियाँ इन दिनों इंदौर आए हुए हैं। फिल्म की शूटिंग करीब 22 दिनों तक अर्थात सितम्बर के प्रथम सप्ताह तक चलेगी। फिल्म में वरिष्ठ अभिनेता सुधीर पाण्डेय और अन्य 12 कलाकार मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में गीत-संगीत सहित सभी आवश्यक सामग्री दर्शकों की रूचि को ध्यान में रखते हुए इस तरह शामिल की गई है कि परिवार के सभी सदस्य, चाहे वे किसी भी समाज के हों- इस फिल्म को साथ बैठकर देख सकेंगे।


