NEWS

दस हजार समाजबंधु एक-दूजे को रक्षासूत्र बांधकर राष्ट्रसंत सुधासागर म.सा.

दस हजार समाजबंधु एक-दूजे को रक्षासूत्र बांधकर राष्ट्रसंत सुधासागर म.सा.

की निश्रा में 2 लाख से अधिक श्रीफल से समर्पित करेंगे सामूहिक महाअर्ध्य

देशभर से आए साधक केशरिया साड़ी एवं श्वेत धोती-दुपट्टा पहनकर दलाल बाग के विशाल परिसर में मनाएंगे रक्षाबंधन महामहोत्सव

इंदौर। शहर में जैन समाज के इतिहास में पहली बार शुक्रवार को सुबह 6 बजे से वीआईपी रोड स्थित दलाल बाग के विशाल परिसर में निर्मित विद्या-सुधा मंडप में करीब 10 हजार समाज बंधु संत शिरोमणि प.पू. विद्यासागर म.सा. के परम प्रभावक शिष्य और राष्ट्रसंत मुनि पुंगव प.पू. श्री सुधासागर महाराज के पावन सानिध्य में एकदूसरे को रक्षासूत्र बांधकर जिन शासन, अपने परिवार, धर्म और राष्ट्र की रक्षा और गुरु के सानिध्य में चलने का संकल्प लेंगे। इस दिव्य अनुष्ठान के दौरान देश के विभिन्न शहरों से आए परिवार दो लाख से अधिक श्रीफल से सामूहिक महाअर्ध्य समर्पित कर रक्षाबंधन महामहोत्सव मनाएंगे। दलाल बाग पर इतनी बड़ी संख्या में श्रीफल का संग्रह कर लिया गया है। अनुष्ठान में शामिल महिलाएं केशरिया साड़ी और पुरुष श्वेत धोती-दुपट्टा पहनकर सभा मंडप में पाटे पर बैठकर प्रत्येक परिवार की ओर से 700 श्रीफल समर्पित किए जाएँगे। राष्ट्रसंत प.पू. सुधासागर म.सा. के प्रवचनों की अमृत वर्षा भी होगी।

सकल दिगम्बर जैन धर्म प्रभावना समिति के तत्वावधान में हो रहे इस अभूतपूर्व आयोजन में देशभर के समाज बंधु शामिल होने के लिए गुरुवार से ही इंदौर पहुँचने लगे हैं। आयोजन समिति की ओर से चक्रवर्ती शिवानी-नवीन गोधा, तृप्ति-हर्ष जैन, सपना-मनीष गोधा, अंतिका-आनंद गोधा एवं दीपिका-आकाश जैन कोयला ने बताया कि रक्षाबंधन का यह पर्व श्रमण संस्कृति रक्षा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। समाज के करीब 700 मुनियों के उपसर्ग दिवस के उपलक्ष्य में उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने हेतु यह अनुष्ठान किया जा रहा है। आयोजन में करीब 10 हजार साधक शामिल होंगे और एकदूसरे को रक्षा सूत्र भी बांधेंगे। दो लाख श्रीफल और 10 हजार रक्षा सूत्र की व्यवस्था दलाल बाग स्थित सभा मंडप पर कर ली गई है। प्रत्येक परिवार के 7 सदस्य इस अनुष्ठान में भागीदार बनकर प्रति सदस्य 100 श्रीफल चढ़ाएंगे। इस तरह करीब 300 परिवारों के 2100 सदस्य श्रीफल समर्पित करेंगे और 10 हजार समाज बंधु एकदूजे को रक्षासूत्र बांधेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 6 बजे से अभिषेक, शांतिधारा एवं राष्ट्रसंत के पाद प्रक्षालन, 6.30 बजे से मंगलाचरण, रक्षाबंधन पूजन एवं 7 बजे से मुनिराज आराधना के बाद सामूहिक रक्षाबंधन विधान का अनूठा आयोजन होगा। सुबह 8.45 बजे से संस्कृति रक्षा और श्रावक के कर्तव्य पर राष्ट्रसंत के विशेष प्रवचन होंगे। सुबह 10 बजे से वात्सल्य सूत्र का दिव्य आयोजन होगा। इसी दिन संध्या को 6 बजे से जिज्ञासा समाधान का आयोजन विद्या-सुधा सत्संग मंडप में होगा। बालब्रह्मचारी प्रदीप भैया, पारस भैया और अमित सिंघई इस महोत्सव के प्रतिष्ठाचार्य होंगे। कार्यक्रम संयोजक भूपेंद्र जैन, विपुल बांझल, कमल जैन चेलेंजेर, अखिलेश सोंधिया एवं श्रुत जैन मनोनीत किए गए हैं। अनुष्ठान में आशारानी पांड्या, अशोक डोसी, गजेन्द्र जैन गिन्नी, धर्मेद्र जैन, सौरभ बडजात्या, अक्षय कासलीवाल एवं रमेश-संजय सामरिया भी लाभार्थी होंगे। इस दौरान शहर के सभी जैन परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। सुबह मंत्रोच्चार के बीच पूजा, अर्ध्य, श्रीफल समर्पण की शास्त्रोक्त विधि के पश्चात राष्ट्रसंत के प्रवचन होंगे। सभा मंडप में समाज बंधुओं और अनुष्ठान में शामिल होने वाले साधकों के लिए पाटे पर विशेष बैठक व्यवस्था की गई है।

 

Shares: