जन्माष्टमी जुलूस की तैयारियों पर चर्चा के लिए यादव अहीर संगठनों की बैठक आज शाम
इंदौर। शहर के यादव अहीर संगठनों द्वारा अपने कुलदेवता भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव 4 सितम्बर को धूमधाम से मनाने की जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। यादव अहीर समाज केंद्रीय समिति के तत्वावधान में समाज के 25 से अधिक संगठनों की महत्वपूर्ण बैठक रविवार 30 अगस्त को शाम 5 बजे से नंदबाग, श्वेता परिसर, दशरथ नगर पूल के पास रखी गई है जिसमें शहर के सभी प्रमुख यादव अहीर संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल होकर 4 सितम्बर को निकलने वाली परंपरागत शोभा यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। केंद्रीय समिति के संरक्षक दीपू यादव ने बताया कि बैठक में निगम सभापति मुन्नालाल यादव, पूर्व पार्षद शंकर यादव, पूर्व पार्षद रमेश यादव उस्ताद, बीएसएफ के पूर्व आईजी अशोक यादव सहित शहर के सभी यादव अहीर संगठनों के पदाधिकारी आमंत्रित किए गए हैं। इस बार भी यह शोभा यात्रा 4 सितम्बर को सुबह 10 बजे बड़ा गणपति चौराहा से प्रारम्भ होकर श्रम शिविर जेल रोड तक निकाली जाएगी। जिले के अन्य कस्बों और गाँवों के समाज बंधुओं को भी इस जुलूस का न्योता भेजा जा रहा है। जुलूस में मथुरा-वृंदावन के लोक कलाकार भी शामिल होंगे तथा अनेक संगठन राधा कृष्ण पर केन्द्रित रंगारंग झांकियां भी बनाएँगे।


