मध्यप्रदेश वैश्य महासम्मेलन
वैश्य समाजों के अधिक उम्र के प्रत्याशियों के अभा परिचय सम्मेलन में अनेक हाईटेक इंतजाम रहेंगे, पूरा परिसर रहेगा पोलीथिन मुक्त
इंदौर में 26-27 सितम्बर को रिंग रोड स्थित दस्तूर गार्डन पर होने वाले आयोजन की तैयारियों के लिए 25 संगठनों की बैठक
इंदौर । मप्र वैश्य महासम्मेलन द्वारा अग्रवाल, जैन, माहेश्वरी, खंडेलवाल, चित्तौड़ा महाजन, गहोई वैश्य, विजयवर्गीय, मेढ़तवाल, नागर नीमा, पोरवाल सहित वैश्य समाजों के अधिक उम्र के युवक-युवतियों के अभा स्तर के परिचय सम्मेलन के लिए वैश्य घटकों के पदाधिकारियों की नियमित बैठकों का सिलसिला जारी है। शनिवार को आयोजित बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि जो प्रत्याशी मंच पर पहुंचकर परिचय देने में संकोच महसूस करेंगे, उनकी सुविधा के लिए परिचय सम्मेलन स्थल दस्तूर गार्डन पर एक विशेष स्टूडियो बनाया जाएगा, जिसमें बैठकर प्रत्याशी अपना परिचय देंगे जिसका प्रसारण समूचे गार्डन में लगाई गई एलईडी स्क्रीन के माध्यम से होगा। इसके अलावा मंच पर भी मेगा स्क्रीन लगाई जाएगी ताकि सम्मेलन में आने वाले सभी पालकों और प्रत्याशियों तक उनकी जानकारी पहुँच सके। समूचा परिसर पोलिथीन मुक्त रखने का भी निर्णय लिया गया।
मप्र वैश्य कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, वैश्य महासम्मेलन के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, पूर्व गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता एवं प्रदेशाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल तथा परिचय सम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष दिनेश मित्तल के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में शहर के 25 से अधिक वैश्य घटकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अपने-अपने समाज स्तर पर चल रही उत्साहजनक तैयारियों का ब्यौरा दिया। संगठन के महामंत्री अरविन्द बागड़ी, समन्वयक धीरज खंडेलवाल, नगर अध्यक्ष अशोक खंडेलवाल, संयोजक द्वय राजेश गर्ग एवं शिव जिन्दल ने बताया कि बैठक में अजय सोडानी, अशोक खंडेलवाल, पुनीत नीमा, मनीष मित्तल, राजकुमार बंसल, विशाल पोरवाल, सुभाष गुप्ता, अनिल टोडवाल, निर्मल अग्रवाल, नीलेश अग्रवाल, नितिन माहेश्वरी, राजेंद्र असावा, विनोद गोयल, रुपेश कुम्भज, श्रीमती राखी विजयवर्गीय, श्रीमती विधि नीखरा सहित वैश्य घटकों के प्रतिनिधियों ने शामिल होकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
उन्होंने बताया कि पिछले 3 माह से लगातार शहर के वैश्य घटकों के पदाधिकारियों के साथ नियमित बैठकों का सिलसिला चल रहा है। समाज स्तर पर भी प्रत्येक समाज में इस सम्मेलन को लेकर तैयारियां जारी हैं। पिछले परिचय सम्मेलन के अनुभवों को देखते हुए इस बार विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अनुभवी और सेवाभावी बंधुओं को जोड़कर समितियों का गठन किया जा रहा है। सम्मेलन में सभी प्रमुख वैश्य घटकों के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय स्तर के पदाधिकारियों को आमंत्रित करने और वैश्य एकता की दिशा में विचार मंथन करने का भी प्रस्ताव है। वैश्य घटकों के बीच रोटी-बेटी के रिश्ते और अधिक मजबूती से विस्तारित करने पर भी इस दौरान विचार किया जाएगा।
अब तक 1700 प्रविष्ठियां – सम्मेलन के लिए अब तक 1700 से अधिक प्रविष्ठियां प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें करीब 200 प्रविष्ठियां विधवा-विधुर एवं तलाकशुदा तथा विशेष श्रेणी के प्रत्याशियों की भी है जिनके लिए विशेष सत्र आयोजित होगा। यह निर्णय भी लिया गया है कि सम्मेलन में जितने जोड़े तय होंगे उनका सम्मान भी समापन समारोह में किया जाएगा तथा उन्हें उपहार भी भेंट किए जाएँगे। चयनित कुछ जरूरतमंद जोड़ों के विवाह की व्यवस्था भी वैश्य महासम्मेलन की ओर से कराने का निर्णय भी लिया गया है।
प्रविष्ठियां यहाँ भेजें – उन्होंने बताया कि सम्मेलन में शामिल होने के इच्छुक प्रत्याशी या पालक अपनी प्रविष्ठियां परिचय सम्मेलन के vaishyaparinay एप पर विशाल पोरवाल को भिजवा सकते हैं। क्यूआर कोड से लिंक पर भी प्रविष्ठी भरने के लिए सतीश गोयल से 94253-18281 पर सम्पर्क कर सकते हैं। इसके अलावा देश के करीब 200 प्रमुख शहरों में वैश्य समाजों के कार्यालयों अथवा उनके द्वारा स्थापित केन्द्रों पर भी प्रविष्ठी फॉर्म निशुल्क उपलब्ध हैं। परिचय सम्मेलन पूरी तरह निशुल्क है।


