NEWS

पितरों के आशीर्वाद और उनकी सदभावनाएँ हमारे साथ अगली कई पीढ़ियों को भी संस्कारों से समृद्ध बनाती है

 पितरों के आशीर्वाद और उनकी सदभावनाएँ हमारे साथ अगली कई पीढ़ियों को भी संस्कारों से समृद्ध बनाती है

हंसदास मठ पर निशुल्क तर्पण अनुष्ठान में 700 से अधिक साधकों ने किया तर्पण – आज से पितृ मोक्षदायी भागवत

इंदौर। श्राद्ध पक्ष अपने पितरों के लिए मोक्ष की मंगल कामना और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने का शास्त्रोक्त पखवाड़ा है। हमारी संस्कृति में सात जन्मों तक रिश्ते माने गए हैं। इस दौरान पितरों के आशीर्वाद और उनकी सदभावनाएं हमारे साथ अगली कई पीढियों को भी संस्कारों से समृद्ध बनाती हैं। पितरों की दुआओं और आशीर्वाद में इतनी ताकत होती है कि हम बड़े से बडे संकट का भी सामना कर उसमें सफलता प्राप्त कर सकते हैं। श्राद्ध पर्व में तर्पण के माध्यम से हम पूर्वजों को प्रसन्न कर सकते हैं।

             ये दिव्य विचार हैं हंसपीठाधीश्वर श्रीमहंत रामचरणदास महाराज के, एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित हंसदास मठ पर श्रद्धा सुमन सेवा समिति की मेजबानी में आयोजित तर्पण अनुष्ठान में महामंडलेश्वर स्वामी रामगोपालदास महाराज, वृन्दावन से आए बापू विपिन शास्त्री, मुरैना से आए संत जयदेव सरकार, हंसदास मठ के महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के सानिध्य में चल रहे तर्पण अनुष्ठान की सप्तमी तिथि पर साधकों को तर्पण अनुष्ठान के दौरान व्यक्त किए। इसके पूर्व प्रख्यात भागवताचार्य पं. पुष्पानंदन पवन तिवारी ने आज 700 से अधिक साधकों से उनके पूर्वजों, राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी, पूर्व प्रधानमन्त्री लालबहादुर शास्त्री एवं विहिप के नेता अशोक सिंघल सहित देश के लिए शहीद हुए सैनिकों, राममन्दिर के कारसेवकों एवं होल्कर वंश के शासकों की स्मृति में तर्पण अनुष्ठान संपन्न कराया। भगवान हरि विष्णु के पूजन के साथ अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। प्रारंभ में संस्था की ओर से हरि अग्रवाल, राजेन्द्र सोनी, राजेन्द्र गर्ग, महेंद्र विजयवर्गीय, राधेश्याम मालपानी, ओमप्रकाश फरक्या, सीए सीताराम सोनी, पुरुषोत्तम जिंदल, माणकचंद पोरवाल, गोकुल माहेश्वरी, डॉ. चेतन सेठिया, मुरलीधर धामानी, सूरजसिंह राठौड़, दिलीप साहू, उमेश गेहलोत आदि ने वैदिक मंगलाचरण के बीच अतिथियों का स्वागत किया। तर्पण के बाद निर्धनों, पशु-पक्षियों के लिए खीर प्रसाद, गौ सेवा, ब्राह्मण सेवा, देव दर्शन का भी साधकों ने परिजनों सहित पुण्य लाभ उठाया।

              आज से पितृ मोक्षदायी भागवत, शोभा यात्रा निकलेगी, सुबह नियमित तर्पण जारी – समिति के हरि अग्रवाल एवं राजेंद्र सोनी ने बताया कि हंसदास मठ पर श्राद्ध पक्ष में शनिवार 3 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक तर्पण अनुष्ठान जारी रहेगा। आम श्रद्धालु यहां आकर निःशुल्क तर्पण कर सकेंगे। तर्पण मे प्रयुक्त सभी सामग्री की व्यवस्था समिति द्वारा की जा रही है। जिन परिजनों को अपने पितरों के निधन की तिथि ज्ञात है, वे उस तिथि के दिन हंसदास मठ पहुंच जाएं। जिन्हें अपने पितरों की मृत्यु की तिथि ज्ञात नहीं है, वे सर्वपितृ अमावस्या पर 10 अक्टूबर को शामिल हो सकते हैं। इस दौरान शनिवार 3 अक्टूबर से पितृ मोक्षदायी भागवत कथा भी आचार्य पं. पुष्पानंदन पवन तिवारी के श्रीमुख से प्रतिदिन दोपहर 3 से 6 बजे तक होगी। कथा का शुभारंभ हंसदास मठ परिसर में शोभा यात्रा के साथ होगा। कथा में कालूराम–श्यामा पटेल दम्पत्ति मुख्य यजमान मनोनीत किए गए हैं जो स्व. छोगालाल पटेल, मातुश्री स्व. संपत बाई पटेल एवं शुभम पटेल की पावन स्मृति में यह आयोजन करेंगे।

Shares: