माहेश्वरी कुटुम्ब के गरबा महोत्सव में बॉलीवुड, मारवाड़ी और गुजराती थीम पर 800 मातृशक्ति हुई शामिल
सनातन संस्कृति के अनुरूप मातारानी के जयघोष से गूंजता रहा समूचा परिसर, दर्शकों ने भी मिलाई ताल से ताल
आज गुजराती एवं कृष्ण रास थीम पर होंगी मनोहारी और मनभावन प्रस्तुतियां
इंदौर। संस्था माहेश्वरी कुटुम्ब की मेजबानी में माता की आराधना के अंतर्गत बीती रात स्कीम 71 रिंग रोड स्थित ब्लू लोटस गार्डन पर 800 से अधिक मातृशक्ति ने अपनी मनोहारी प्रस्तुतियां देकर हर किसी का मन मोह लिया। गुजरात की इवेंट टीम के प्रख्यात प्रशिक्षकों के निर्देशन में चार दिवसीय प्रशिक्षण के बाद जब मातृशक्ति ने माँ की आराधना के लिए पवित्र आँगन में कदम रखा तो माता रानी के जयघोष से समूचा परिसर गूंज उठा। ध्वनि एवं प्रकाश के अनूठे समन्वय में बॉलीवुड, मारवाड़ी और गुजराती थीम पर परम्परागत वाद्य यंत्रों की स्वर लहरियों के बीच भारतीय सनातन संस्कृति उस वक्त और सशक्त हो उठी जब हजारों श्रद्धालुओं ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित कर उनके साथ ताल से ताल और कदम से कदम मिलाकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
महोत्सव संयोजक शारदा-प्रकाश अजमेरा ने बताया कि सांसद शंकर लालवानी, विधायक मालिनी गौड़, भाजपा के वरिष्ठ नेता गौरव रणदिवे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने भी गरबा स्थल पहुंचकर भारतीय सनातन संस्कृति के अनुरूप हो रहे इन गरबों में शामिल मातृशक्ति और आयोजकों का स्वागत किया। माहेश्वरी समाज के विभिन्न संगठनों के अलावा वैश्य समाज के भी अनेक पदाधिकारी और अन्य राजनेता भी इस महोत्सव में मेहमान के रूप में शामिल हुए। माता की आराधना के लिए समूचे गार्डन परिसर को विद्युत, पुष्पों, कलशों एवं अन्य रंगबिरंगी साज-सज्जा से श्रृंगारित किया गया है। दर्शकों के लिए गरबा मैदान के चारों ओर बैठक व्यवस्था की गई है। गरबा का शुभारंभ माता की आरती से हुआ जिसमें 2 हजार से अधिक श्रद्धालु पहले दिन ही मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत श्रीमती शारदा प्रकाश अजमेरा, मनोज छापरवाल, अजय झंवर, रुपेश भूतड़ा, श्रीमोहन सोमानी, अशोक इनानी, पुष्प माहेश्वरी, वासुदेव मालू, देवेन्द्र बाहेती, श्रीमोहन सोमानी, कैलाश जाजू, राजेश गट्टानी, गोपाल राठी, मधुसूदन भल्लिका ने किया।
गरबे के दौरान बॉलीवुड की थीम के साथ ही मारवाड़ी और गुजराती गरबों तथा एक, दो एवं तीन ताल के गरबों ने तो मानो दर्शकों पर ऐसा जादू कर दिया कि मैदान में जमा एक भी दर्शक उठकर बाहर नहीं गया। गुरुवार की रात को 9 बजे से गुजराती एवं कृष्ण रास थीम पर आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। आयोजन केवल आमंत्रितों के लिए “पहले आएं पहले पाएं” आधार पर होगा। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रतिभागियों में सिंगल्स एवं कपल्स, दोनों श्रेणी के प्रतिभागी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव स्थल पर वाहन पार्किंग, सुरक्षा, रोशनी, साफ-सफाई, पेयजल, फलाहार, प्राथमिक चिकित्सा एवं अन्य समुचित प्रबंध किए गए हैं। बीती रात भी महोत्सव की पूरी कमान मातृशक्ति ने बखूबी संभाली।
–

