अग्रवाल समाज हाईवे क्षेत्र द्वारा आयोजित जयंती महोत्सव का समापन हुआ अग्रोहा से अभिमंत्रित कर बुलवाई गई ध्वजा की यात्रा से
लगभग सभी घरों में हुआ पूजन, महाराजा अग्रसेन के जयघोष के बीच हुई महाआरती
इंदौर। अग्रवाल समाज हाइवे क्षेत्र पालदा की मेजबानी में क्षेत्र की 70 कॉलोनियों के 560 परिवारों की भागीदारी में आयोजित अग्रसेन जयंती महोत्सव का समापन अग्रोहा से अभिमंत्रित कर बुलवाई गई ध्वजा की यात्रा के साथ हुआ।
संगठन के संस्थापक अरविन्द बागड़ी ने बताया कि वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल के मुख्य आतिथ्य एवं समाजसेवी विनोद सिंघानिया, अजय आलूवाले, अरुण आष्टावाले एवं नंदकिशोर कंदोई के विशेष आतिथ्य में महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। महाराजा अग्रसेन के जयघोष के बीच ध्वजा यात्रा संस्कृति पाम से प्रारम्भ होकर शुभ सिटी, एम्पायर विक्ट्री होते हुए वरुण विक्ट्री परिसर पहुंची जहाँ महिलाओं एवं बच्चों के लिए अनेक दिलचस्प स्पर्धाएं भी सम्पन्न हुई। यात्रा का हाईवे क्षेत्र के लगभग सभी घरों में पूजन एवं स्वागत किया गया। अनेक स्वागत मंच भी बनाए गए थे। वरुण विक्ट्री पहुँचने पर सैकड़ों समाज बंधुओं ने पितृ पुरुष महाराजा अग्रसेन के चित्र एवं ध्वजा का पूजन कर महाआरती में भाग लिया और राष्ट्र के साथ शहर एवं समाज में भी सुख, शांति एवं सदभाव के लिए प्रार्थना की।

