देश में इच्छामृत्यु को लेकर बने स्पष्ट एवं व्यापक कानून : सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता तनुज दीक्षित
एमजीएम मेडिकल कॉलेज में इच्छामृत्यु विषय पर मॉक पार्लियामेंट का आयोजन, मेडिकल विद्यार्थियों ने संवैधानिक, कानूनी एवं चिकित्सकीय पहलुओं पर किया मंथन
इंदौर। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज, इंदौर में मेडिकल विद्यार्थियों द्वारा ‘इच्छामृत्यु (Euthanasia)’ जैसे अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण विषय पर मॉक पार्लियामेंट (युवा संसद) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एवं ख्यात विधि विशेषज्ञ तनुज दीक्षित मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया, डॉ. शिखा घनघोरिया सहित चिकित्सा जगत के गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में मेडिकल विद्यार्थी मौजूद रहे।
इस अवसर पर अधिवक्ता तनुज दीक्षित ने देश में इच्छामृत्यु से संबंधित स्पष्ट, व्यापक एवं प्रभावी कानून बनाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जीवन का अधिकार जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण गंभीर एवं असाध्य बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की मानवीय गरिमा, स्वायत्तता और चिकित्सकीय अधिकारों का संरक्षण भी है। इच्छामृत्यु जैसे संवेदनशील विषय पर कानून बनाते समय मानवीय संवेदनाओं, चिकित्सा नैतिकता, संवैधानिक प्रावधानों तथा संभावित दुरुपयोग की रोकथाम के बीच संतुलन स्थापित करना आवश्यक है।

