Culture and society

कबीर वाणी से कविता-शायरी तक साहित्य के विविध रंगों से सजा इंदौर लिटरेचर फेस्टिवल

*कबीर वाणी से कविता-शायरी तक साहित्य के विविध रंगों से सजा इंदौर लिटरेचर फेस्टिवल का दूसरा दिन*

*तुकाराम मुंढे बोले- अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना हर व्यक्ति का नैतिक दायित्व*

*पद्मश्री जगदीश जोशीला ने लोक बोलियों के संरक्षण के लिए साहित्य अकादमी बनाने का दिया सुझाव*
*श्रेयस पुराणिक ने संगीत और इश्क के रिश्ते पर की बात*

इंदौर। डेली कॉलेज में आयोजित इंदौर लिटरेचर फेस्टिवल के 12वें संस्करण के दूसरे दिन शनिवार को साहित्य, संगीत, लोक संस्कृति और समकालीन लेखन से जुड़े विविध विषयों पर संवाद हुए। सुबह कबीर की वाणी और लोकगायन से शुरू हुआ कार्यक्रम दिनभर कविता, पुस्तकों, नेतृत्व, लेखन और बदलते समय की कहानियों पर चर्चा से होते हुए शाम को कविता-शायरी और ओपन माइक तक पहुंचा। देशभर से आए साहित्यकारों, लेखकों, कलाकारों और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों ने अपने विचार और अनुभव साझा किए।

लोकसंस्कृति को समर्पित दूसरे दिन की शुरुआत सुबह 10 बजे गायक सुनील पटेल की ‘कबीर वाणी’ प्रस्तुति से हुई। कबीर के विचारों और उनकी वाणी के माध्यम से आध्यात्मिकता, जीवन-दर्शन और सामाजिक चेतना के विभिन्न पहलुओं को सामने रखा गया। इसके बाद एकता कश्मीरे एवं समूह ने निमाड़ी लोकगायन की प्रस्तुति दी, जिसमें लोक संगीत की विविधता और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली।

‘पुस्तकों से प्यार के मायने’ सत्र में राकेश जैन, रमेश गुप्ता, आर.के. शर्मा, प्रमोद कोठारी और दीप्ति शर्मा ने पुस्तकों और पाठकीय संस्कृति से जुड़े अनुभव साझा किए। ईश्वर शर्मा एवं वाणी जोशी ने सत्र का संचालन किया। वहीं ‘माटी महके, म्हारा गांव’ सत्र में पद्मश्री जगदीश जोशीला, माया बदेका, पूर्णिमा चतुर्वेदी, हेमलता शर्मा, मेघा परसाई और दीपक यादव ने ग्रामीण जीवन, मिट्टी और गांव से जुड़े अनुभवों पर संवाद किया। इस दौरान पद्मश्री जगदीश जोशीला ने मध्यप्रदेश की लोक बोलियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए अलग साहित्य अकादमी स्थापित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विभिन्न लोक बोलियों और उनमें रचे गए साहित्य को संरक्षित करने के लिए ऐसी अकादमी की बेहद आवश्यकता है। इससे क्षेत्रीय भाषाओं और बोलियों को संस्थागत मंच मिलेगा तथा उनकी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकेगा। सत्र का संचालन एकता कश्मीर एवं स्वाति सिंह राठौर ने किया।

‘New Forces of Leadership’ सत्र में डॉ. गणेश नटराजन और डॉ. उमा गणेश ने नेतृत्व के बदलते स्वरूप और नई पीढ़ी के नेतृत्व की संभावनाओं पर विचार साझा किए। डॉ. ईशा तिवारी एवं डॉ. अंशुल तिवारी ने सत्र का संचालन किया।

दोपहर में कविता सत्र में सपना सी.पी. साहू, रश्मि चौधरी, तनुजा चौबे, प्रतिमा जाट और डॉ. शालिनी बडोले ‘रेवा’ ने अपनी कविताओं की प्रस्तुति दी। डॉ. अंजना चक्रपाणी मिश्र ने सत्र का संचालन किया। इसके बाद ‘My Writing, My Way’ सत्र में डॉ. गुंजन त्रिवेदी, डॉ. अपूर्वा पुराणिक, प्रियंका एस. कैतूरा और रिद्धि बहल ने अपने लेखन अनुभव साझा किए। डॉ. सोनल सिसोदिया और अवनि जैन ने संवाद का संचालन किया।

‘बदलते समय में बदलती कहानी’ सत्र में रेडियो सखी ममता सिंह ने बदलते समय के साथ कहानी और कहानी कहने के तौर-तरीकों में आए बदलावों पर चर्चा की। डॉ. संगीता भारुका एवं तृप्ति मिश्रा सत्र का संचालन किया।

शाम के सत्रों में ‘Why is Literature Important in Today’s World?’ विषय पर अभिमन सिंह गौरव, श्रुति पारोलकर, अंजलि मित्रा, पद्म मिश्रा और विनय माहेश्वरी ने साहित्य की वर्तमान समय में भूमिका पर विचार साझा किए। उमेश बहुगुणी ने सत्र का संचालन किया।

संगीतकार श्रेयस पुराणिक के साथ ‘जोगी मैं और गंगा है ये इश्क’ सत्र भी दूसरे दिन का प्रमुख आकर्षण रहा। गौतम काले एवं पंकज दीक्षित के संचालन में हुए इस संवाद में संगीत, रचनात्मकता और भावनाओं के रिश्ते पर चर्चा हुई। पुराणिक ने संगीत की रचना प्रक्रिया और गीतों के माध्यम से भावनाओं को अभिव्यक्त करने से जुड़े अनुभव साझा किए।

इसके बाद वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे के साथ ‘तुकाराम मुंढे : जनता का अधिकारी’ विषय पर विशेष संवाद हुआ। प्रवीण शर्मा एवं टिम्सी राय ने सत्र का संचालन किया। मुंढे ने कहा कि, अन्याय के खिलाफ काम करना केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। अन्याय देखकर यह इंतजार करना कि कोई दूसरा आकर उसे दूर करेगा, सही दृष्टिकोण नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता और अधिकारों के अनुसार इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेते समय वे दो बातों को प्राथमिकता देते हैं कि क्या निर्णय नैतिक रूप से सही है और क्या वह व्यापक जनहित में है? उन्होंने अपने अनुभवों के माध्यम से समझाया कि, सिद्धांतों और मूल्यों पर कायम रहने की कीमत चुकानी पड़ सकती है, लेकिन एक बार किया गया समझौता आगे कई समझौतों का रास्ता खोल देता है।

यूपीएससी अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए मुंढे ने कहा कि, सफलता के लिए कोचिंग से अधिक जरूरी परीक्षा की प्रकृति और उसकी अपेक्षाओं को समझना है। केवल अधिक पढ़ना पर्याप्त नहीं, बल्कि प्रश्न की मांग के अनुरूप बेहतर उत्तर लिखने की क्षमता विकसित करना जरूरी है। खाद्य सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने दूध उत्पादन से लेकर उपभोक्ता तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया में गुणवत्ता और निगरानी की आवश्यकता बताई। उन्होंने उपभोक्ताओं से उत्पादों की जानकारी पढ़ने, जागरूक रहने और गड़बड़ी मिलने पर संबंधित मंचों पर शिकायत करने की अपील की। भ्रष्टाचार और व्यवस्था में सुधार पर उन्होंने कहा कि, व्यवस्था को केवल दोष देने से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यवहार और योगदान से इसकी शुरुआत करनी होगी।

इसके बाद ओपन माइक के साथ दूसरे दिन के कार्यक्रम में प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का मंच मिला।

दूसरे दिन का अन्तिम सत्र ‘कविता-शायरी’ रहा, जिसमें डॉ. आशुतोष दुबे, वरुण आनंद, विवेक चतुर्वेदी, श्रुति पारोलकर और स्वामी कृष्णपदास ने अपनी रचनाओं सुन्दर की प्रस्तुतियाँ दीं। अमन अक्षर ने सत्र का संचालन किया।

इंदौर लिटरेचर फेस्टिवल के संस्थापक प्रवीण शर्मा ने आयोजन में शामिल होने वाले सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि साहित्य और संस्कृति के इस साझा मंच को सफल बनाने में सभी की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

मुख्य प्रायोजक माइक्रो मिट्टी, वेन्यू पार्टनर डेली कॉलेज और मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित इंदौर लिटरेचर फेस्टिवल का तीसरा और अंतिम दिन 29 नवंबर को होगा। अंतिम दिन भी साहित्य, कला, संस्कृति और विभिन्न समकालीन विषयों पर संवाद और प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। तीनों दिन दर्शकों के लिए प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है।

Shares: