इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में चंदन नगर से कालानी नगर को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित 18 मीटर (60 फीट) चौड़ी सड़क के निर्माण को राज्य शासन की अंतिम मंजूरी मिल गई है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग, भोपाल द्वारा गजट नोटिफिकेशन जारी होते ही यह परियोजना अब ज़मीन पर उतरने के लिए तैयार है।
करीब ₹20 करोड़ की लागत से बनेगी सड़क
करीब ₹20 करोड़ की लागत से बनने वाली यह सड़क ट्रैफिक जाम से राहत, बेहतर कनेक्टिविटी और क्षेत्र के तेज़ विकास में अहम भूमिका निभाएगी। यह मार्ग चंदन नगर चौराहा से नगीन नगर, नंदन नगर और कालानी नगर होते हुए एयरपोर्ट रोड तक विकसित किया जाएगा।
350 मकानों को नोटिस, 100 होंगे पूरी तरह प्रभावित
सड़क चौड़ीकरण के लिए इंदौर नगर निगम ने बाधक निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। निगम द्वारा करीब 350 मकानों को नोटिस जारी किए जाएंगे, जिनमें से लगभग 100 मकान पूरी तरह टूटेंगे। प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत फ्लैट दिए जाएंगे, हालांकि फ्लैटों का स्थान अभी तय नहीं किया गया है। निगम अधिकारियों के अनुसार, दो-चार दिनों में नोटिस जारी होना शुरू हो जाएंगे, क्योंकि बाधक निर्माणों पर पहले ही निशान लगाए जा चुके हैं।
मास्टर प्लान में शामिल, वर्षों पुरानी मांग पूरी
इस सड़क को मास्टर प्लान में शामिल करने के लिए भूमि उपांतरण एवं जनरेटिंग एरिया घोषित करने का प्रस्ताव पहले ही मंजूर हो चुका था। दावे-आपत्तियों के निराकरण के बाद मामला भोपाल भेजा गया था, जहां अब गजट नोटिफिकेशन भी जारी हो गया है। इस महत्वपूर्ण परियोजना को पार्षद महेश चौधरी ने परिषद में पांच बार प्रमुखता से उठाया था। नोटिफिकेशन जारी होते ही नगर निगम के जनकार्य विभाग द्वारा स्वीकृत टेंडर के अनुसार जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।


