जयपुर (हेमंत पालीवाल)। राजस्थान के सीकर जिले में शनिवार सुबह उस समय लोगों में दहशत फैल गई, जब अचानक धरती कांप उठी। सुबह 6 बजकर 32 मिनट पर आए भूकंप के झटके 3.5 तीव्रता के दर्ज किए गए। झटके इतने तेज थे कि कई घरों में पंखे और बर्तन हिलने लगे, जिससे लोग घबराकर तुरंत घरों से बाहर निकल आए।
कई गांव में दहशत
भूकंप का असर सिर्फ सीकर तक ही सीमित नहीं रहा। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटू श्याम जी मंदिर के आसपास भी झटके महसूस किए गए। इसके अलावा रानोली, फतेहपुर और लक्ष्मणगढ़ सहित आसपास के कई गांवों और कस्बों में भी धरती के कंपन से लोग सहम गए।
मंदिर क्षेत्र की होटलों से बाहर निकले श्रद्धालु
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप का केंद्र सीकर क्षेत्र ही रहा। अचानक आए झटकों से होटल और धर्मशालाओं में ठहरे श्रद्धालु भी बाहर निकल आए और कुछ देर तक खुले स्थानों पर ही खड़े रहे।
हालांकि राहत की बात यह रही कि भूकंप से किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन सुबह-सुबह आए इन झटकों ने लोगों को कुछ देर के लिए दहशत में जरूर डाल दिया।


