NEWS

रविवार को भी मिलेंगे गैस सिलेंडर: इंदौर में एजेंसियां रहेंगी खुली, बुकिंग-रिफिल जारी रखने के आदेश

इंदौर। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। इंदौर जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर शिवम वर्मा के सख्त निर्देशों के बाद अब रविवार को भी शहर की सभी गैस एजेंसियां खुली रहेंगी और गैस बुकिंग से लेकर रिफिल वितरण तक का काम सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगा।

जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू ने बताया कि प्रशासन ने सभी सेल्स ऑफिसरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रविवार को कोई भी गैस एजेंसी बंद न रहे। सभी एजेंसी संचालकों को अपनी पूरी टीम के साथ काम करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। इसके लिए अतिरिक्त मानव संसाधन, डिलीवरी वाहन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की योजना तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि रविवार को गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी सेवा भी जरूरत पड़ने पर सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगी। इसका उद्देश्य यह है कि सोमवार को बुकिंग और डिलीवरी का अत्यधिक दबाव न बने और उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इतना ही नहीं, गैस आपूर्ति की पूरी श्रृंखला को सक्रिय बनाए रखने के लिए गैस प्लांट भी रविवार को चालू रहेंगे, ताकि शहर में एलपीजी की उपलब्धता लगातार बनी रहे। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से गैस वितरण प्रणाली और अधिक सुचारू होगी तथा उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध हो सकेंगे।

Shares:
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *