NEWS

राहत भरी खबर – कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई शुरू, 92 हजार 700 टन एलपीजी लेकर दो जहाज 16-17 मार्च को भारत पहुंचेंगे

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय युद्ध जैसी तनावपूर्ण स्थिति के बीच केंद्र सरकार ने देशवासियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि भारत में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है, जबकि एलपीजी को लेकर भी हालात जल्द सामान्य होने वाले हैं।  सरकार के अनुसार 16 और 17 मार्च को दो बड़े टैंकर जहाज 92,700 टन एलपीजी लेकर भारत पहुंचेंगे। शिवालिक और नंदादेवी नामक ये जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर चुके हैं और जल्द ही मुंद्रा और कांडला पोर्ट पर पहुंचेंगे। इसके अलावा फारस की खाड़ी में एलपीजी के 6, एलएनजी का 1 और कच्चे तेल के 4 जहाज मौजूद हैं, जिनके भी जल्द भारत पहुंचने की उम्मीद है।

घरेलू उत्पादन में 30% बढ़ोतरी
पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि देश में एलपीजी का घरेलू उत्पादन 30 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया है। साथ ही 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई भी शुरू कर दी गई है। भारत में एलपीजी की करीब 60 प्रतिशत जरूरत आयात से पूरी होती है, इसलिए आपूर्ति को सुचारु रखने के लिए सरकार खाड़ी देशों सहित कई अन्य देशों से लगातार संपर्क में है। प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री भी इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हैं।

पीएनजी पर शिफ्ट होने की अपील
सरकार ने लोगों से अपील की है कि जहां संभव हो वहां एलपीजी की जगह पीएनजी का उपयोग करें। देश में करीब 33 करोड़ एलपीजी उपभोक्ता हैं, जिनमें से लगभग 60 लाख उपभोक्ता तुरंत पीएनजी पर शिफ्ट हो सकते हैं। गेल इंडिया को उपभोक्ताओं को पीएनजी से जोड़ने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि तेल कंपनियों को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाने के लिए कहा गया है।

कालाबाजारी पर सख्ती
एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए कई राज्यों में 1400 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की गई है। महाराष्ट्र, गोवा, बिहार, ओडिशा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में 1300 स्थानों पर औचक निरीक्षण भी किए गए हैं और दोषियों के खिलाफ केस दर्ज किए जा रहे हैं। राज्यों को जिला स्तर पर सिलेंडर सप्लाई की निगरानी के लिए विशेष समितियां बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पैनिक बुकिंग से बिगड़े हालात
सरकार के अनुसार घबराहट के कारण एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग अचानक बढ़ गई है। सामान्य दिनों में जहां रोज 50–55 लाख सिलेंडर बुक होते थे, वहीं यह संख्या बढ़कर 88 लाख तक पहुंच गई है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि पैनिक बुकिंग से बचें और ऑनलाइन बुकिंग करें। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर सिलेंडर बुकिंग की व्यवस्था लागू की गई है।

खाद का भी पर्याप्त स्टॉक
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए देश में खाद का पर्याप्त भंडार मौजूद है, इसलिए किसानों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

नाविक सुरक्षित, 253 की वापसी
सरकार ने बताया कि फारस की खाड़ी में मौजूद भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं और अब तक 253 नाविकों को सकुशल भारत लाया जा चुका है। सभी बंदरगाहों को माल लेकर आने वाले जहाजों को पूरी सुविधा देने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार का दावा है कि अगले 7 से 10 दिनों में एलपीजी की स्थिति काफी हद तक सामान्य हो जाएगी, इसलिए लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।

Shares:
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *