Politics

कार्यकर्ता यदि सक्रिय हैं और वे जनता से लगातार संपर्क में हैं, तो उस क्षेत्र का विकास काफी तेजी से होता है – आकाश विजयवर्गीय

इंदौर (विनोद गोयल)- 1 फरवरी रविवार को नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मार्गदर्शन में पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने विधानसभा 1 के वार्ड 17 में 5 करोड़ 24 लाख की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया इसके साथ ही आकाश विजयवर्गीय ने वार्ड 17 में 12 स्थानों पर जनसंवाद का कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के रहवासियों को स्वास्थ, शिक्षा, स्वच्छ जल, ड्रेनेज आदि की बेहतर सुविधाएं मिले यही हमारा लक्ष्य है और इसी संकल्प के साथ हम आपसे मिलने के लिए आए हैं।

सीएम राइस स्कूल में बच्चों को मिलेगी बेहतर शिक्षा
वार्ड 17 के विभिन्न स्थानों पर लोगों से मुलाकात कर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने इस क्षेत्र में बहुत काम किया है।किसी भी विधायक के लिए संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र की निगरानी रखना संभव नहीं हैं, लेकिन कार्यकर्ता यदि सक्रिय हैं और वे जनता से लगातार संपर्क में हैं तो उस क्षेत्र का विकास काफी तेजी से होता है। कैलाश विजवर्गीयजी के विधायक बनने के बाद हमने क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी एकत्रित कर करीब एक हजार फाइल बनाई और विकास के कार्य शुरू किए।
मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सबसे पहली फाईल न्यू श्रीराम नगर की मंजूर हुई और यहां पर विकास कार्य शुरू हुए। इस इलाके में गरीब तबके के लोग रहते हैं इसलिए महंगे प्राइवेट स्कूलों में अपने बच्चों को नहीं भेज सकते हैं इसलिए हमने उनकी समस्या का समाधान करते हुए यहां पर एक अत्याधुनिक सीएम राइस स्कूल को बनाने की योजना बनाई और उसका कार्य शुरू भी हो गया है। हम आपके आशीर्वाद से चुनकर आए हैं और आगे भी आपका आशीर्वाद बना रहे इसलिए आपसे मिलने के लिए आते रहते हैं।

अवैध कॉलोनियों को भी मिलेगी सभी सुविधाएं
कैलाश विजयवर्गीय जी ने हमें निर्देश दिए हैं कि जो विकास कार्य चल रहे हैं उनका निरीक्षण करें, समीक्षा करें और शेष बचे कार्यों की रूपरेखा बनाकर जल्द उनको पूर्ण करें। कैलाशजी ने कहा है कि मेरी विधानसभा का हर व्यक्ति कैलाश विजयवर्गीय है इसलिए मेरा अधिकारियों से निवेदन है कि यदि कोई व्यक्ति कोई काम लेकर आए तो उसके कार्य को आप उसी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें जिस तरह कैलाशजी के कहने पर करते हैं।

लोगों से भी मेरी अपील है कि उन्हे किसी भी तरह की समस्या है तो वे हमारे कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को बता सकते हैं कार्यालय पर आकर बात कर सकते हैं। रामनगर में बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह कॉलोनी अवैध होने की वजह से यहां के मकान टूटने वाले थे, लेकिन हमने इस कॉलोनी के मकान टूटने से बचाए साथ ही अवैध कॉलोनी में नियमों के तहत विकास कार्य नहीं किए जा सकते हैं, लेकिन कैलाश विजयवर्गीय जी का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं किया जा सकता है इसलिए हमने यहां पर सड़कें बनवाई, ड्रेनेज और पानी की पाइप लाइनें डाली। वर्तमान में इस क्षेत्र में ज्यादातर जगहों पर पानी, सड़क और ड्रेनेज का कार्य हो चुका है और जहां पर नहीं हुआ है वहां सड़कों के लिए 70 लाख रुपये मंजूर किए हैं और बरसात से पहले शेष स्थानों पर भी सड़कें बन जाएगी।

क्षेत्रीय पार्षद शिवम यादव ने इस अवसर पर कहा कि लोग हमेशा नेता के दरवाजे पर अपनी समस्या लेकर जाते हैं, लेकिन आकाश विजयवर्गीयजी स्वयं आपके दरवाजे पर आपसे मिलने और आपकी समस्याओं का समाधान करने के लिए आए हैं। पहले इस इलाके में सुविधाओं का काफी अभाव था, लेकिन मैने कैलाश विजयवर्गीयजी के सहयोग से क्षेत्र में करीब-करीब सभी जगहों पर सड़कों को बनवा दिया है। न्यू राम नगर में पहले घुटनों तक पानी भरता था. वर्तमान में यहां पर 14 सड़कें बनवाई गई है और एक शेष हो जिसका काम भी जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा।

12 स्थानों पर किया जनसंवाद
जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक किया गया। जनसंवाद कार्यक्रम न्यू श्री राम नगर में तिरुमाला गेट, चार पट्टी राम नगर, न्यू जगन्नाथ नगर, राम नगर शिव मंदिर, विजयवर्गीय नगर, सुंदर नगर गली नंबर 1, सुंदर नगर गली नंबर 5 शिव मंदिर, जगदीश नगर, गली नंबर 3, जगदीश नगर, गली नंबर 1 एवं 2 और न्यू जगदीश नगर में रहवासियों से संवाद किया। रहवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना और मौके पर उपस्थित नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा की औऱ जल्द से जल्द समस्याओं को हल करने के निर्देश दिए। इससे पहले शनिवार को इसी वार्ड में 13 स्थानों पर रहवासियों से जनसंवाद किया था।

विकास कार्यों का किया लोकार्पण
विकास कार्यों के क्रम में 66 लाख की लागत से सीमेंट कंक्रीट सड़क कार्य का लोकार्पण, 34 लाख की लागत से सड़क का लोकार्पण, 99 लाख की लागत से सीमेंट कंक्रीट सड़क कार्य का लोकार्पण, 28 लाख की लागत से राम नगर, चार पट्टी में सीमेंट कंक्रीट सड़क कार्य का निरीक्षण, 38 लाख की लागत से न्यू जगन्नाथ नगर में सीमेंट कंक्रीट सड़क का लोकार्पण, 9 लाख की लागत से विजयवर्गीय नगर में सीमेंट कंक्रीट सड़क का लोकार्पण, 42 लाख की लागत से सुंदर नगर, गली क्रमांक 1 में ड्रेनेज लाइन का निरीक्षण, जगदीश नगर, गली क्रमांक 10, 11 एवं 12 में 38 लाख की लागत से सड़क कार्य का निरीक्षण, जगदीश नगर गली क्रमांक 1 एवं 2 में 38 लाख की लागत से सीमेंट कंक्रीट सड़क का भूमिपूजन, 8 लाख की लागत से ड्रेनेज लाइन का लोकार्पण, 14 लाख की लागत से ड्रेनेज लाइन का लोकार्पण, न्यू जगदीश नगर में 42 लाख की लागत से सीमेंट कंक्रीट सड़क का लोकार्पण, 26 लाख की लागत से सीमेंट कंक्रीट सड़क का निरीक्षण किया गया।

क्षेत्रवासियों ने किया भव्य स्वागत
जनसंवाद के दौरान कई जगहों पर रहवासियों ने आकाश विजयवर्गीय का हार-फूलों, ढोल-ताशों, आतिशबाजी आदि से भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर आकाश विजयवर्गीय के साथ स्थानीय पार्षद शिवम यादव मंडल अध्यक्ष,भाजपा नेता पदाधिकारी एवं नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी मौजूद थे।

Shares:
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *