इंदौर(विनोद गोयल)। ग्लोबल इंस्पीरेशन एनलाइटनमेंट आर्गेनाइजेशन ऑफ़ भगवद गीता (जीओ गीता) के संस्थापक देश के प्रख्यात गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने अपने इंदौर प्रवास के दौरान इंदौर में भी जीओ गीता की शाखा स्थापित करने की घोषणा करते हुए लायंस सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े समाजसेवी कुलभूषण मित्तल कुक्की के मार्गदर्शन में सीए पंकज गुप्ता को इंदौर इकाई का संयोजक नियुक्त किया है।
दो हजार लोगों को संगठन का सदस्य
संगठन के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप मित्तल ने कनाड़िया रोड, मोर्या हिल्स स्थित कुसुम देवी छावछरिया सभागृह में आयोजित तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग के समापन पर इस निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि प्रथम चरण में इंदौर में दो हजार लोगों को संगठन का सदस्य बनाया जाएगा।
नियमित रूप से करें गीता का एक भी श्लोक
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी पुरुषोत्तम अग्रवाल (अग्रवाल ग्रुप) ने जीओ गीता द्वारा गीता के प्रचार प्रसार के लिए प्रकाशित पुस्तिकाओं के हिंदी संस्करण के वितरण का संकल्प व्यक्त किया तो महामंत्री प्रदीप मित्तल ने आश्वस्त किया कि इंदौर के सदस्यों और गीता प्रेमियों के बीच वितरण के लिए हिंदी गीता की 50 हजार पुस्तिकाएँ भेजी जाएंगी। इनका वितरण गीता पढने वालों के लिए ही संभव होगा।
मलमास में करें 15 वें अध्याय का पाठ
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने अधिक मास के दौरान, जिसे मलमास भी कहा जाता है-गीता के 15 वें अध्याय के एक-एक श्लोक का प्रतिदिन पाठ करने का आह्वान भी किया और उपस्थित भक्तों से आग्रह किया कि वे इस मलमास को निर्मल मास में बदलने के लिए नियमित रूप से गीता के कम से कम एक-एक श्लोक का पाठ स्वयं भी करें और अपने बच्चों को भी यह शिक्षा दें कि वे जीवन के महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत करते समय गीता के श्लोक का पाठ अवश्य करें।


