इंदौर । आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा नगर निगम के झोन क्रमांक 9 के अंतर्गत संचालित जल प्रदाय लाइन कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त नरेंद्र नाथ पांडे, क्षेत्रीय जोनल अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
आयुक्त सिंघल द्वारा झोन क्रमांक 9 अंतर्गत त्रिवेणी पानी की टंकी क्षेत्र, देव नगर, पांचू की चाल सहित अन्य क्षेत्रों में जल प्रदाय लाइन डाले जाने हेतु किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विशेष रूप से दूषित पानी की समस्या के निराकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
त्रिवेणी पानी की टंकी क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही दूषित पानी की समस्या के समाधान के क्रम में आयुक्त सिंघल द्वारा मौके पर पहुंचकर संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया गया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित किया जाए, जिससे नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
इसके पश्चात आयुक्त द्वारा देव नगर एवं पांचू की चाल क्षेत्रों में जल प्रदाय लाइन डालने के कार्यों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में गति लाने, समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त सिंघल द्वारा क्षेत्रीय रहवासियों से भी संवाद किया गया। नागरिकों ने दूषित पानी की समस्या एवं जल आपूर्ति से जुड़ी अपनी समस्याएं साझा कीं, जिनका शीघ्र एवं स्थायी समाधान करने का आश्वासन आयुक्त द्वारा दिया गया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


