इंदौर(विनोद गोयल)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में टैगोर मार्ग स्थित हिंदी साहित्य समिति के सभागृह में श्री नर्मदा गजानन सिद्धपीठम बहुउद्देशीय सेवा फाउंडेशन द्वारा विधायक मालिनी गौड़ के मुख्य आतिथ्य एवं केन्द्रीय जेल इंदौर की अधीक्षक अलका सोनकर के विशेष आतिथ्य में वरिष्ठ समाजसेवी तथा ग्रामीण क्षेत्र और विभिन्न बस्तियों में श्रेष्ठ सेवा कार्य करने पर ला. मंजू मंडलोई को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर लाईफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम आयोजक डॉ. धीरज, संस्थापक एम स्वामी कामले ने बताया कि इस अवसर पर श्रीमती मंडलोई के अलावा श्रीमती शालिनी शर्मा, मोनिका शर्मा, अंतरा करवड़े, शीतल राय, सोनाली यादव, डॉ. पूर्वी निमगांवकर, नगीना यादव एवं सुषमा दुबे को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। विधायक मालिनी गौड़ एवं श्रीमती सोनकर ने सभी सेवाभावी महिलाओं के प्रकल्पों की सराहना करते हुए कहा कि मातृशक्ति के बिना परिवार, समाज और राष्ट्र का कोई भी कार्य करना संभव नहीं है। अब तो मातृशक्ति ने के क्षेत्रों में पुरुष सत्ता को भी पीछे छोड़ दिया है। सेवा के क्षेत्र में जो उपलब्धियां मातृशक्ति ने अर्जित की हैं, उनकी जितनी सराहना की जाए कम ही होगी। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन के साथ हुआ।


