इंदौर। शहर में एक बार फिर पुलिस द्वारा वकील के साथ कथित असंवेदनशील और अमर्यादित रवैया सामने आया है। आजाद नगर थाना प्रभारी टी.आई. लोकेंद्र सिंह भदोरिया एवं अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा अधिवक्ता कन्हैया चौहान के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है।
अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त
थाना प्रभारी के व्यवहार को लेकर अधिवक्ता समुदाय में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस मामले को लेकर इंदौर अभिभाषक संघ ने डीसीपी को लिखित आवेदन सौंपते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। अधिवक्ताओं का कहना है कि अधिवक्ता कन्हैया चौहान के साथ थाना परिसर में जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह न केवल कानून के रक्षक कहलाने वाली पुलिस की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि न्याय व्यवस्था का भी अपमान है।
अधिवक्ता संविधान के दायरे में हैं रहता
अभिभाषक संघ ने स्पष्ट किया है कि अधिवक्ता समाज हमेशा कानून और संविधान के दायरे में रहकर कार्य करता है, ऐसे में किसी भी अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इंदौर अभिभाषक संघ के सेकेट्री अधिवक्ता कपिल बीथ्रे ने बताया कि यदि आज दोपहर 2 बजे तक आजाद नगर थाना प्रभारी एवं संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो इंदौर अभिभाषक संघ एवं अधिवक्ता साथीगण द्वारा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
पुलिस कर रही अपनी शक्ति का दुरुपयोग
इस दौरान अधिवक्ता राकेश पाल ने कहा कि पुलिस लगातार अपनी शक्ति का दुरुपयोग कर रही है और आम नागरिकों के साथ-साथ अधिवक्ताओं को भी डराने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान पूर्व कार्यकारणी सदस्य अधिवक्ता विकास चौबे ने भी अधिवक्ताओं के हितों की बात रखी। इस दौरान संघ के सेकेट्री अधिवक्ता कपिल बीथ्रे ने अभिभाषक संघ के नेतृत में पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की उम्मीद जताई है। इस दौरान संघ के जॉइंट सेकेट्री विजय व्यास, अधिवक्ता सतदीप सिंह भाटिया, विकास यादव, रत्नेश पाल, गगन घांची, संजय हार्डिया, जय कौशल, पवन सोलंकी, विकास भोंडवे आदि अधिवक्तागण शामिल हुए।


