social organization

रीगल चौराहा स्थित इंडिया गेट और अमर जवान ज्योति पर शहर के स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से प्रेरित प्रस्तुतियां

इंदौर(विनोद गोयल)  संस्था सेवा सुरभि, जिला प्रशासन, इंदौर पुलिस, नगर निगम एवं विकास प्राधिकरण की सहभागिता में चलाए जा रहे ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ अभियान के तहत गुरुवार को सुबह शहर के अनेक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के साथ रीगल चौराहा स्थित इंडिया गेट एवं अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति पर पहुंचकर अपनी राष्ट्रभक्ति से प्रेरित प्रस्तुतियों से पूरे 2 घंटे तक चौराहे के वातावरण को देशभक्ति के रंग में सरोबार बनाए रखा। भारत माता की जय और वन्दे मातरम के उद्घोष के समवेत स्वरों से समूचा चौराहा गूंजता रहा। शुक्रवार 23 जनवरी को यहाँ शाम 6.30 बजे से “मेरा रंग दे बसंती चोला” संगीत कार्यक्रम की प्रस्तुति स्टार फैन्स क्लब के तत्वावधान में दी जाएगी।
अनाम शहीदों को अपनी सलामी दी
संस्था सेवा सुरभि के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा, मनीष ठक्कर, चांदमल जैन, विशाल डागरिया एवं निकेतन सेठी ने बताया कि “झंडा ऊँचा रहे हमारा अभियान” में विभिन्न विद्यालयों के बच्चे प्रतिदिन यहाँ आकर अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं। गुरुवार को श्री श्री रविशंकर, चमेलीदेवी स्कूल यशवंत प्लाजा, सिका स्कूल स्कीम 54, अग्रसेन विद्यालय, सन्मति हा. से स्कूल सहित अनेक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने संगीत शिक्षकों के साथ इंडिया गेट पहुंचकर देशभक्ति से प्रेरित तरानों की प्रस्तुतियां देकर अनाम शहीदों को अपनी सलामी दी। बच्चों की भावपूर्व प्रस्तुतियां देखकर समूचे चौराहे का वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत बना रहा। संस्था की ओर से गोविंद मंगल, कमल कलवानी, अरविन्द जायसवाल, मोहन अग्रवाल आदि ने इन बच्चों की अगवानी कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए।

शनिवार को यातायात पर परिचर्चा
अभियान के तहत शुकवार 23 जनवरी को संस्था स्टार फैन्स क्लब द्वारा इंडिया गेट पर शाम 6.30 बजे से संगीत का रंगारंग कार्यक्रम “मेरा रंग दे बसंती चोला” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक हेमंत अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर प्रसिद्ध गायक यशवर्धन दुबे, मनीष शुक्ला, जितेन्द्र ठाकुर एवं अंकित कंसल द्वारा देशभक्ति से प्रेरित गीत संगीत की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। अभियान के तहत शनिवार 24 जनवरी को प्रेस क्लब में शहर की यातायात व्यवस्था–परिदृश्य और समाधान विषय पर प्रेस क्लब के सभागृह में इंदौर प्रेस क्लब की सहभागिता में शाम 4 बजे बेंगलुरु से आए यातायात विशेषज्ञ आशीष वर्मा की उपस्थिति में परिचर्चा होगी। रविवार 25 जनवरी को शाम 6 बजे दुआ सभागृह में देवास जिले के शहीद सैनिक संजय मीणा के परिजनों का सम्मान और शाम 7.30 बजे से रीगल चौराहा स्थित इंडिया गेट पर शहर के नागरिकों की ओर से अनाम शहीदों के नाम श्रद्धा की एक-एक मोमबत्ती प्रज्वलित की जाएगी।

Shares:
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *