Devasthan (temple)

श्री श्रीविद्याधाम का प्रकाशोत्सव 19 से, मां के नौका विहार, नगर भ्रमण सहित विभिन्न अनुष्ठान होंगे

इंदौर(विनोद गोयल) विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर मंदिर का 31 वां प्रकाशोत्सव गुप्त नवरात्रि पर 19 से 27 जनवरी तक आयोजित होगा। आश्रम के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी गिरिजानंद सरस्वती ‘भगवन’ की प्रेरणा से महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में 9 दिवसीय इस महोत्सव में अनेक कार्यक्रम होंगे।

ललिताम्बा महायज्ञ अनुष्ठान
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेंद्र महाजन ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 19 जनवरी को सुबह 9.30 बजे संग्रहमख ललिताम्बा महायज्ञ अनुष्ठान के साथ होगा। महोत्सव में प्रतिदिन सुबह 6 बजे वैदिक संध्या-वेदपाठ, 7:30 बजे षोडशोपचार पूजन, अभिषेक एवं प्रातः 9 बजे श्रृंगार आरती, दोपहर 2.30 बजे दुर्गा सप्तशती पाठ, शाम 6 बजे ललिता सहस्त्र नामावली से लक्षार्चन आराधना एवं शाम 8 बजे 108 दीपों से महाआरती के आयोजन 27 जनवरी तक होंगे।

मां नर्मदा के जल में नौका विहार करेगी मां ललिताम्बा
शनिवार 24 जनवरी को शाम 5 बजे माँ अपने भक्तों को दर्शन देने शोभा यात्रा के रूप में निकलेंगी। रविवार 25 जनवरी को सुबह 9.30 बजे से पूज्य ‘भगवन’ के श्री विग्रह एवं पादुका पूजन अभिषेक एवं आरती तथा शाम 6 बजे नर्मदा के पवित्र जल में माँ का नयनाभिराम नौकाविहार होगा। नौकाविहार की जीवंत झांकी भी श्रृंगारित की जाएगी। महाअष्टमी सोमवार 26 जनवरी को शाम 6 बजे से माँ का भव्य पुष्प बंगला श्रृंगारित होगा। मंगलवार 27 जनवरी को शाम 6 बजे से छप्पन भोग दर्शन एवं दीपोत्सव का दिव्य आयोजन होगा। महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। संग्रहमक ललिताम्बा महायज्ञ आश्रम की यज्ञ शाला में प्रतिदिन प्रातः 9.30 बजे से प्रारंभ होगा। अनेक श्रद्धालु इस महायज्ञ में यजमान बनेंगे।

Shares:
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *