*प्रो. डी.जी. धवलीकर सिल्वर जुबली मेमोरियल लेक्चर 12 को, अयोध्या राम मंदिर के निर्माण की बारीकियों पर होगी चर्चा*
*इंदौर* : एसोसिएशन ऑफ स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स (ASE), इंदौर द्वारा रविवार, 12 अप्रैल को शाम 6:00 बजे SGSITS कॉलेज में 25वें प्रो. डी. जी. धवलीकर मेमोरियल लेक्चर का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम संस्थान के पूर्व डायरेक्टर और जाने-माने शिक्षाविद स्वर्गीय प्रो. धवलीकर की याद में उनकी जन्म जयंती पर आयोजित किया जाता है। इस साल यह आयोजन अपनी रजत जयंती (25वां वर्ष) मना रहा है। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता AICTE के पूर्व चेयरमैन और IISC बैंगलोर के प्रोफेसर टी.जी. सीताराम होंगे, जो देश के बड़े सिविल इंजीनियरिंग विशेषज्ञों में से एक हैं।
इस व्याख्यान का मुख्य विषय “अयोध्या के श्री राम मंदिर की नींव और निर्माण तकनीक” रखा गया है। प्रोफेसर सीताराम बताएंगे कि कैसे बिना लोहे (स्टील) का इस्तेमाल किए मंदिर को 1000 से अधिक वर्षों तक सुरक्षित रखने के लिए तैयार किया गया है। वे विस्तार से समझाएंगे कि सरयू नदी के किनारे की रेतीली जमीन पर मजबूती देने के लिए किस तरह 56 परतों वाली खास मिट्टी से ठोस आधार तैयार किया गया और 21 फुट ऊंचे ग्रेनाइट के पत्थरों का उपयोग किया गया। यह सत्र इंजीनियरिंग के छात्रों और आम लोगों के लिए यह समझने का एक शानदार मौका होगा कि कैसे पुरानी वास्तुकला और आधुनिक विज्ञान को मिलाकर इस ऐतिहासिक मंदिर का निर्माण किया गया है।


