NEWSUncategorized

शिवपुरी में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में इंदौर में प्रतिवाद दिवस, कमीश्नर को सौंपेगे ज्ञापन

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की करैरा तहसील में अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के विरोध में इंदौर अभिभाषक संघ ने कड़ा रुख अपनाया है। संघ के सभी सदस्यगण दिनांक 16 फरवरी को अपने-अपने न्यायालयीन कार्य से विरत रहकर प्रतिवाद दिवस मनाएंगे।
इस दौरान अधिवक्ता काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे और एडवोकेट प्रोटेक्शन कानून लागू करने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दोपहर 1 बजे आयुक्त (कमिश्नर) इंदौर को सौंपा जाएगा। संघ ने सभी अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे दोपहर 12:30 बजे बार हॉल के सामने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हों।

क्या है पूरा मामला
शिवपुरी जिले की करैरा तहसील में शनिवार को अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे रोज़ की तरह बाइक से कोर्ट जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

आनंद सागर मंदिर के पास हुई वारदात
मृतक अधिवक्ता संजय सक्सेना घिरियाली मोहल्ला, पुराना बाजार के निवासी थे। वारदात करैरा क्षेत्र में किले के पीछे स्थित आनंद सागर मंदिर के पास सिद्धन रोड पर हुई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमलावर पैदल थे या किसी वाहन से आए थे।

अस्पताल में मृत घोषित
घटना के कुछ समय बाद उसी सड़क से गुजर रहे एक अन्य वकील ने संजय सक्सेना को घायल अवस्था में सड़क पर देखा। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जमीनी विवाद को बताया जा रहा हत्या की वजह
परिजनों के अनुसार, संजय सक्सेना का कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते चार लोगों पर हत्या का शक जताया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फोन लोकेशन और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। फिलहाल एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। वह भागने का कोशीश कर रहा था इस दौरान एनकाउंटर किया गया जिसमें एक आरोपी के पांव में गोली लगी जिसे पुलिस ने पकड़ लिया है अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

अधिवक्ताओं में आक्रोश
इस जघन्य घटना से प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है। इंदौर अभिभाषक संघ ने दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई और अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन कानून को शीघ्र लागू करने की मांग की है।

Shares:
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *