22वाँ अखिल भारतीय अग्रवाल युवक-युवती एजुकेशन एवं हाई प्रोफाइल परिचय सम्मेलन उत्साहपूर्वक संपन्न
442 प्रविष्टियों की रंगीन परिचय पुस्तिका का विमोचन, लगभग 150 नए पंजीयन, 50 प्रतिभागी सम्मानित
इन्दौर। श्री अग्रवाल समाज सोशल ग्रुप एवं परिचय बेला समाचार पत्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 22वाँ अखिल भारतीय अग्रवाल युवक-युवती एजुकेशन एवं हाई प्रोफाइल परिचय सम्मेलन रविवार को श्री कच्छ पाटीदार परिसर, नौलखा, इन्दौर में *गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
संस्था के संस्थापक विनोद बंसल ने बताया कि सम्मेलन के लिए लगभग 442 युवक-युवतियों की प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं, जिन्हें दो-दो रंगीन छायाचित्रों सहित आकर्षक परिचय पुस्तिका में प्रकाशित किया गया। सम्मेलन के दौरान इस परिचय पुस्तिका का *अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया।* कार्यक्रम में लगभग 412 युवक-युवतियों ने मंच पर आकर आत्मविश्वास के साथ अपना परिचय दिया। सम्मेलन में मध्यप्रदेश के साथ-साथ महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से युवक-युवतियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
परिचय सत्र के दौरान अनेक युवतियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वे ऐसे जीवनसाथी की अपेक्षा रखती हैं, जो अपने माता-पिता के साथ-साथ उनके माता-पिता का भी सम्मान करे तथा उन्हें अपने करियर और सेवा कार्य को आगे बढ़ाने का पूरा सहयोग दे। वहीं कई युवक प्रतिभागियों ने कहा कि वे ऐसी जीवनसंगिनी चाहते हैं, जो परिवार के संस्कारों का सम्मान करते हुए आवश्यकता अनुसार अपना करियर भी जारी रख सके तथा परिवार के सभी सदस्यों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना रखे।
कार्यक्रम में प्रत्याशियों द्वारा आकर्षक कैटवॉक एवं मंचीय परिचय भी प्रस्तुत किया गया, जिसकी उपस्थित अभिभावकों, अतिथियों एवं समाजजनों ने मुक्तकंठ से सराहना की।इससे प्रतिभागियों का आत्मविश्वास और व्यक्तित्व प्रभावी रूप से सामने आया।
कार्यक्रम संयोजक मुकेश मंगल ने बताया कि सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में गोलू शुक्ला विधायक गणेश गोयल शैलेश गर्ग रामदास जी गोयल मेमदी वाला, गौरव अग्रवाल भाजपा मोहनलाल अग्रवाल, राजेन्द्र गर्ग (समर्पण ज्वेलर्स), संजय गोयल, उमेश गोयल सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे परिचय सम्मेलन समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। इन आयोजनों से युवक-युवतियों एवं अभिभावकों को प्रत्यक्ष परिचय एवं संवाद का अवसर मिलता है, जिससे उपयुक्त वैवाहिक संबंध स्थापित करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है। उन्होंने संस्था के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाजहित का अनुकरणीय कार्य बताया।
सम्मेलन के दौरान लगभग 150 नए परिवारों ने पंजीयन कराया , जिससे आगामी आयोजनों के लिए भी समाज का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। साथ ही आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले लगभग 50 अभिभावकों एवं युवक-युवतियों को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी अतिथियों का स्वागत विनोद बंसल ने किया तथा नंदकिशोर अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन स्वाती गोयल, दीपा अग्रवाल एवं प्रद्युम्न जैन ने किया।


