EventsEternal Hinduism

दशहरा मैदान पर  9 दिवसीय ‘सबके राम’ महोत्सव, सुबह गुड़ी पूजन, वृन्दावन के प्रेम मंदिर की प्रतिकृति में प्रतिदिन शाम को होगी आरती

इंदौर(विनोद गोयल)। दशहरा मैदान स्थित ‘अवध लोक’ पर हिन्दू नववर्ष, गुड़ी पड़वा 19 से 27 मार्च तक होने वाले ‘सबके राम’ महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को सुबह 10 बजे शहर के प्रमुख संतों-महंतों के सानिध्य एवं विहिप तथा संघ सहित प्रमुख प्रतिनिधियों के आतिथ्य में भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण के जयघोष, गुड़ी पूजन एवं तदपश्चात श्रीराम महायज्ञ तथा वृन्दावन के भव्य प्रेम मंदिर की प्रतिकृति के दर्शनों के साथ होगा। वृन्दावन से लाई गई पवित्र रज एवं यमुना सहित देश की पवित्र नदियों के पावन जल के दर्शन भी यहां आम भक्तों को प्रतिदिन होंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की होगी प्रस्तुतियां
‘सबके राम’ लोक कल्याण समिति के संयोजक महेन्द्रसिंह चौहान एवं श्रीमती प्रवीणा पंकज अग्निहोत्री ने बताया कि महोत्सव में प्रतिदिन सायं 6 बजे रामगीत धुन, सायं 7 बजे आरती एवं रात 8 बजे से प्रख्यात कलाकारों एवं रंगकर्मियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण के प्रमुख केन्द्र होंगे। महोत्सव में प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे तक प्रदेश के प्रमुख योगाचार्यों के निर्देशन में योग शिविर तथा 8 से 10 बजे तक विद्वान आचार्यों के निर्देशन में यज्ञशाला में श्रीराम-जानकी महायज्ञ का आयोजन भी होगा। बंगाल के 100 से अधिक कलाकारों ने यहाँ पिछले 30 दिनों की दिन रात मेहनत से वृन्दावन के प्रख्यात प्रेम मंदिर का मॉडल तैयार किया है उसमें प्रतिदिन संध्या को 7 बजे शहर के विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि यहां प्रख्यात संतों एवं धर्माचार्यों के साथ महाआरती का पुण्य लाभ उठा सकेंगे। आम लोगों के लिए यह मंदिर सुबह 7 से रात 11 बजे तक निःशुल्क खुला रहेगा। शहर के किन्नर समाज के बंधु भी यहां आरती करेंगे।

सम्पूर्ण रामायण की नाट्य प्रस्तुति
प्रतिदिन महोत्सव स्थल पर शाम को 7 बजे से स्कूलों के बच्चे हिन्दू नववर्ष की आराधना, विशेष बच्चों द्वारा स्वास्थ्य एवं योग से जुडी क्रियाओं का प्रदर्शन, मलखम्ब, शास्त्रीय संगीत, शहीद दिवस पर संघ गीत एवं राष्ट्र भक्ति से जुडी प्रस्तुतियों के अलावा शहर के करीब 25 स्कूलों के बच्चों द्वारा सुगम संगीत एवं गायन स्पर्धा, नृत्य प्रस्तुति, राम अर्चना तथा नृत्य नाटिका के माध्यम से सम्पूर्ण रामायण की नाट्य प्रस्तुति जैसे आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। महोत्सव में आम भक्तों के लिए प्रेम मंदिर में दर्शन सुबह 8 से 11 बजे तक और दोपहर 4 से रात 11 बजे तक खुले रहेंगे। उत्सव और मेला दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक निशुल्क खुले रहेगे। इस बार मेले में उत्तर भारत सहित देश के लगभग सभी राज्यों के हस्तशिल्प कलाकार भी अपनी एक से बढ़कर एक कलाकृतियाँ लेकर आ रहे हैं। सभी सांस्कृतिक आयोजन रात 8 बजे से तथा श्रीराम महायज्ञ प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक होंगे

परिवार सहित मेले का आनंद
 अवध लोक में परिवार सहित आने वाले बंधुओं के लिए देश के विभिन्न राज्यों के लोकप्रिय व्यंजनों के साथ ही बच्चों के लिए झूले, चकरी, आईस्क्रीम, कुल्फी, लिट्टी चोखा, पूड़ी-श्रीखंड, पूरणपोली, पानीपुरी सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजन भी किफायती दर पर उपलब्ध रहेंगे। करीब 50 स्टाल इन व्यंजनों के लगाए गए हैं। इनके अलावा सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में देश के लगभग सभी राज्यों के हस्तशिल्पकर्मी एवं अन्य आकर्षक कलाकृतियाँ बनाने वाले कलाकार भी आएंगे।

परिसर की सुरक्षा
सम्पूर्ण मेला स्थल पर 250 सुरक्षा गार्ड एवं क्लोज सर्किट टीवी लगाए गए हैं। प्रतिदिन दो बार मेला स्थल की सफाई, पुलिस चौकी, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, डाक्टर्स की टीम, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। सम्पूर्ण परिसर का बीमा भी कराया गया है।

Shares:
Leave a Reply