रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखकर पूर्ण सतर्क है। सुरक्षा को ध्यान में रखकर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा समय – समय पर जागरूकता अभियान चलाया जाता रहा है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार अनुसार मंडल रेल प्रबंधक रतलाम अश्वनी कुमार के मार्गदर्शन में तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, रतलाम रामराज मीना के निर्देशन में रतलाम मंडल क्षेत्र के अंतर्गत पैसेंजर ट्रेनों पर पत्थरबाजी, रेलवे ट्रैक व उससे जुड़े उपकरणों के साथ छेड़छाड़, अनाधिकृत ट्रैक पासिंग तथा रेलवे ट्रैक पर पशुओं के आ जाने से रेल संचालन में उत्पन्न बाधाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु आम नागरिकों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मंडल स्तर पर “ रेल के साथ खेल नहीं ” नामक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है।
टीम का गठन
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मेघनगर के क्षेत्राधिकार में बल सदस्यों की एक टीम का गठन कर उप निरीक्षक अंकित चौधरी, उप निरीक्षक मायाराम गुर्जर एवं अन्य स्टाफ द्वारा विभिन्न विद्यालयों एवं ग्राम क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित
इस अभियान के तहत निम्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए—पीएम श्री शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, चैनपुरा, विकासखंड मेघनगर, जिला झाबुआ, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नौगावां, जिला झाबुआ, पीएम श्री कन्या शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बामनिया एवं शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बामनिया के लगभग 3000 से अधिक बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के मध्य जागरूकता अभियान चलाया गया।
रेलवे संपत्ति के छेड़छाड़ ना करें
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं ग्रामीणों को रेल गाड़ियों पर पत्थर न फेंकने, रेलवे ट्रैक पार न करने, पटरी पर पत्थर अथवा अन्य अवरोध न रखने, रेलवे लाइन पर वीडियो/रील न बनाने तथा रेलवे संपत्ति के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
रेलवे एक राष्ट्रीय संपत्ति
साथ ही उपस्थित जनसमूह को यह भी बताया गया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ रेल अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दंडनीय अपराध हैं, जिनमें जुर्माना एवं कारावास तक का प्रावधान है। उन्हें यह भी समझाया गया कि रेलवे एक राष्ट्रीय संपत्ति है तथा रेल से यात्रा करने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। सुरक्षित ट्रेन परिचालन के लिए रेलवे सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क है और भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज में रेल सुरक्षा के प्रति चेतना विकसित करने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।


