आबकारी विभाग की कार्रवाई में 27 बल्क लीटर अवैध विदेशी मदिरा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
मदिरा एवं वाहन सहित कुल 6 लाख 54 हजार रुपये की सामग्री जब्त
इंदौर, । कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश एवं सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कंट्रोलर श्री कमलेश सोलंकी एवं डिप्टी कंट्रोलर तथा राजमोहल्ला वृत्त के सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने शहरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक चारपहिया वाहन से 27 बल्क लीटर अवैध विदेशी मदिरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
वृत्त राजमोहल्ला की उप निरीक्षक श्रीमती मीना माल एवं टीम द्वारा गश्त के दौरान संदेह के आधार पर स्विफ्ट कार क्रमांक MP09BM2965 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की डिक्की से विदेशी मदिरा की तीन पेटियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 27 बल्क लीटर अवैध मदिरा पाई गई। टीम ने मदिरा एवं वाहन जब्त कर आरोपी अर्जुन पिता बगदीराम मालवीय (28 वर्ष), निवासी स्कीम नंबर 140, इंदौर को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
जब्त मदिरा एवं वाहन का कुल अनुमानित मूल्य 6 लाख 54 हजार रुपये बताया गया है। कार्रवाई में मुख्य आबकारी आरक्षक श्री किशनसिंह रघुवंशी, श्री मुकेश रावत, श्री ओमप्रकाश साहू, आरक्षक श्री शुभम गौड़ एवं वाहन चालक श्री प्रदीप का सराहनीय योगदान रहा।

