Popular

NEWS

भारतीय मजदूर संघ ने 50 मांगो को लेकर सौंपा कलेक्टर को ज्ञापन

इंदौर। भारतीय मजदूर संघ इंदौर के तत्वावधान में देशव्यापी विरोध दिवस के अंतर्गत विशाल धरना-प्रदर्शन एवं रैली का आयोजन किया गया।  जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रमिक भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

धरना स्थल पर निकाली रैली
बुधवार को धरना स्थल से जयघोष और नारों के साथ रैली निकालते हुए सभी कार्यकर्ता इंदौर जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। वहाँ प्रधानमंत्री एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन पत्र कलेक्टर को सौंपा गया। 50 मांगों को लेकर सौंपे गए ज्ञापन में श्रमिकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिका बहनों की विभिन्न मांगों को प्रमुखता से रखा गया।

वेतन और सुविधाएं बढ़ाने को लेकर कई मांगों का जिक्र
जिला मंत्री हेमराज जारवाल ने बताया कि सफाई कर्मी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के वेतन और सुविधाओं सहित कई विभागों के कर्मचारियों की मांगों को जिक्र ज्ञापन में किया गया है। हमारी सरकार से मांग है कि वह श्रमिकों के हित में कार्य तो कर रही है लेकिन जिन बातों पर ज्यादा गौर देना चाहिए उन मांगों की ओर सरकार ध्यान नहीं देती है इसलिए सरकार को कर्मचारी संगठनों से पहले चर्चा करके योजना बनानी चाहिए।

सभी विभाग के कर्मचारी रहे मौजूद
इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी, संबद्ध यूनियनों एवं महासंघों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता बंधु तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका बहनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन का श्रेय सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को दिया गया।

कार्यक्रम में विभाग प्रमुख मुरारी राठौड़, जिला मंत्री हेमराज जारवाल एवं श्रीमती राजकुमारी गोयल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। नेतृत्वकर्ताओं ने कहा कि श्रमिक हितों की रक्षा एवं सम्मानजनक अधिकारों की प्राप्ति हेतु भारतीय मजदूर संघ निरंतर संघर्षरत रहेगा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं प्रभावी रूप से संपन्न हुआ।

Shares:

Popular

Popular

Leave a Reply