इंदौर। शहर में होली और रंगपंचमी के दौरान निकलने वाली ऐतिहासिक व परंपरागत गेर को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और उत्साहपूर्ण ढंग से निकालने को लेकर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने गेर आयोजकों एवं संचालकों के साथ एक अहम समन्वय बैठक की।
सभी अधिकारी रहे मौजूद
पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सभागार में आयोजित इस बैठक में इंदौर शहर की प्रमुख गैर के आयोजक, संचालक एवं उनके प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमित सिंह, समस्त पुलिस उपायुक्त एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
गेर की सुरक्षा, अनुशासन और परंपरा पर हुआ मंथन
बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर ने गेर के रूट, प्रतिभागियों की संख्या, वाहनों की पार्किंग, सुरक्षा इंतज़ाम और संभावित जोखिमों को लेकर विस्तृत जानकारी ली। साथ ही, आयोजन को और बेहतर व सुरक्षित बनाने के लिए आयोजकों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
गेर संयोजकों के साथ इन विषयों पर हुई चर्चा
गेर के सभी आयोजनों के लिए विधिवत अनुमति लेना और शर्तों का पालन करना इसके साथ ही आयोजनकर्ता अपने पदाधिकारियों व वॉलंटियर्स की सूची व संपर्क नंबर पुलिस को उपलब्ध कराएं। गेर के दौरान पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स तैनात रहना चाहिए। गेर में शामिल सभी वाहनों की मैकेनिकल जांच व सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
शराब पीकर वाहन चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस द्वारा सभी चालकों की ब्रेथ एनालाइज़र से जांच की जाएगी, उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई होगी। धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादाओं का पालन करते हुए फूहड़ता व हुड़दंग पर सख्ती रहेगी।
आपात स्थिति से निपटने के रखे साधन
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वाहनों में अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट-एड बॉक्स और स्ट्रेचर अनिवार्य होंगे। डीजे/साउंड सिस्टम के साथ माइक की व्यवस्था रहेगी ताकि आवश्यक घोषणाएं की जा सकें। खतरनाक केमिकल और हानिकारक रंगों के उपयोग पर पूरी तरह रोक रहेगी।
आयोजकों ने जताया सहयोग का भरोसा
बैठक के दौरान गैर आयोजकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी रखे, जिन पर पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। सभी आयोजकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और आपसी समन्वय से आयोजन को सफल बनाने का भरोसा भी दिलाया।
परंपरा भी, सुरक्षा भी
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि “इंदौर की पहचान उसकी परंपराएं हैं। होली और रंगपंचमी को हम सभी हर्षोल्लास, सौहार्द और सुरक्षा के साथ मनाएं—इसके लिए पुलिस, आयोजक और नागरिक मिलकर जिम्मेदारी निभाएं।” बैठक में त्योहार को रोमांचक, सुरक्षित और अनुशासित बनाने के हर पहलू पर विस्तार से चर्चा की गई।


