इंदौर जीपीओ में राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ की स्थापना के दो वर्ष पूर्ण होने पर विशेष डाक आवरण एवं विशेष विरूपण मुहर का अनावरण
इंदौर,। इंदौर जीपीओ में आज परम पूज्य राष्ट्रसंत, निर्यापक श्रमण मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज की प्रेरणा एवं निर्देशन से स्थापित राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ की स्थापना के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष डाक आवरण (स्पेशल कवर) एवं विशेष विरूपण मुहर (स्पेशल कैंसलेशन) का अनावरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ की स्थापना 12 अक्टूबर 2024 को विजयादशमी के पावन अवसर पर भाग्योदय तीर्थ, सागर में हुई थी। स्थापना के द्विवर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जारी यह विशेष डाक आवरण एवं विशेष विरूपण मुहर जैन धर्म की आध्यात्मिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं तथा जिन शासन की एकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री गौरव श्रीवास्तव, पोस्टमास्टर जनरल उपस्थित रहे। इस अवसर पर विशेष डाक आवरण के प्रस्तावक एवं फिलेटेलिस्ट श्री जयंत डोसी एवं अन्य वरिष्ठ फिलेटेलिस्ट श्री उमेश नीमा, श्री राजेश शाह, श्री एस. जी. मेहता, श्री चेतन अग्रवाल, श्री सुरेन्द्र मुल्ये, मैनेजर एनएसएच, मैनेजर बीपीसी तथा इंदौर जीपीओ के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
विशेष डाक आवरण एवं विशेष विरूपण मुहर का अनावरण डाक विभाग की उस महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है, जिसके माध्यम से ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की घटनाओं, संस्थाओं और परंपराओं को डाक माध्यम से संरक्षित कर व्यापक पहचान प्रदान की जाती है। फिलेटली के क्षेत्र में ऐसे विशेष आवरण एवं विरूपण मुहरें संग्रहकर्ताओं के लिए भी विशेष महत्व रखती हैं।
राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ की स्थापना के दो वर्ष पूर्ण होने पर जारी यह विशेष डाक आवरण एवं विशेष विरूपण मुहर जैन समाज की धार्मिक आस्था, एकता, संगठनात्मक भावना एवं सांस्कृतिक विरासत को समर्पित है।
राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ की स्थापना के दो वर्ष पूर्ण होने पर विशेष डाक आवरण एवं विशेष विरूपण मुहर का अनावरण
Shares:

