इंदौर। शहर की जमीनी समस्याओं का एक ही स्थल पर ही समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुष्यमित्र भार्गव, महापौर, ने वार्ड-01 में संकल्प से समाधान जनता चौपाल का आयोजन किया। वीर श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर के पास लगी इस जनता चौपाल में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याएं सीधे महापौर के समक्ष रखीं।

तारीफ सुनने नहीं, समस्या सुनने हैं आए
जनता चौपाल में महापौर ने कहा कि हम यहां स्वागत या तारीफ सुनने नहीं आए हैं, बल्कि आपकी बची हुई समस्याओं को सुनकर उनका तत्काल समाधान करने आए हैं।
पैदल और स्कूटर से किया वार्ड का निरीक्षण
महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं क्षेत्रीय पार्षद महेश चौधरी ने जयश्री नगर, नगीन नगर, गोवर्धन पैलेस कॉलोनी, गांधी पैलेस कॉलोनी सहित पूरे वार्ड का पैदल एवं स्कूटर से दौरा किया। निरीक्षण के दौरान वीर श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का जायजा लेते हुए अधिकारियों को 1 अप्रैल तक कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
शहर बनाना घर बनाने जैसा नहीं
महापौर ने विकास कार्यों पर नागरिकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि— हमारी पुरी परिषद एक साथ मिल कर काम कर रही है। एक आम परिवार को घर बनाने में भी 2 से ढाई साल लगते हैं। हम पूरे इंदौर शहर को संवार रहे हैं। जिसमें सड़कें, ड्रेनेज, पानी की लाइनें डालना इन सबमें समय लगता है।

नर्मदा का चौथा चरण
उन्होंने बताया कि 2040–45 की अनुमानित जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए नर्मदा चौथा चरण प्रारंभ किया गया है, जिससे भविष्य में शहर को पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
समस्याओं के साथ विकास कार्यों की सराहना
जनता चौपाल में वार्डवासियों ने सीवरेज, जलप्रदाय, सड़क, उद्यान, संपत्ति नामांतरण सहित विभिन्न समस्याएं रखीं। जिसमें फेस कॉलोनी में सड़क निर्माण, जगदीशपुरी में बैकलेन सफाई, डायमंड पैलेस कॉलोनी में गंदे पानी की समस्या, सिरपुर ग्राम में संपत्ति नामांतरण, बजरंग कांकड़ में सीवरेज लाइन जैसी कई समस्याएं महापौर के सामने रखी गई जिनके निराकरण के लिए महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया।
महापौर को शिकायत के साथ मिली प्रशंसा
जहां महापौर ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। वहीं खास बात यह रही कि जनता चौपाल में केवल शिकायतें ही नहीं, बल्कि नगर निगम के विकास कार्यों की भी खुलकर सराहना की गई। क्षेत्रीय निवासी गुलनाज बानो ने कहा कि संजीवनी क्लीनिक से बड़ी संख्या में नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है, जिससे क्षेत्र की स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है।

लापरवाही पर सख्ती
गणेश नगर निवासी अभिषेक लोधी ने सीवरेज लाइन की गहराई कम होने से जलभराव की शिकायत की। इस पर महापौर ने उपयंत्री राघवेन्द्र सिह बैस को तत्काल कार्यवाही के निर्देश देते हुए जोनल अधिकारी को मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी।
जनसंवाद की नई मिसाल
पार्षद महेश चौधरी ने कहा कि—“हर वार्ड में जनता चौपाल लगाकर सीधे जनता से संवाद करना, उनकी समस्याएं समझना और समाधान करना—यह पहल वास्तव में सराहनीय है।”वार्ड-01 की जनता चौपाल ने साफ संदेश दिया कि अब शिकायतें फाइलों में नहीं, मौके पर सुलझेंगी। संकल्प से समाधान का यह अभियान न सिर्फ समस्याओं का मंच बना, बल्कि विकास के भरोसे और प्रशासनिक जवाबदेही की भी मजबूत मिसाल पेश कर गया।


