Eternal Hinduism

शनिधाम में भव्य फाग महोत्सव 28 को, 51 किलो ठंडाई का होगा वितरण

इंदौर। रंग, भक्ति और उल्लास से सराबोर फाग उत्सव का भव्य आयोजन उषा नगर स्थित गजासीन शनिधाम में किया जाएगा। प्रतिवर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी यह आयोजन महामंडलेश्वर दादू महाराज के सानिध्य में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न होगा।

फूलों और गुलाल से मनाएंगे उत्सव
संध्या 7 बजे से 9 बजे तक चलने वाले इस विशेष आयोजन में भक्त फूलों और गुलाल के साथ फाग उत्सव मनाएंगे। वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंगते हुए इसके पश्चात भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की खास बात यह है कि भक्तों के लिए 51 किलो काजू, बादाम एवं अन्य ड्रायफ्रूट्स से बनी शुद्ध ठंडाई का वितरण किया जाएगा, जो उत्सव की मिठास को और बढ़ाएगा।

फाग भजनों की प्रस्तुति
कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक पं. सौरभ दुबे (लाडला) अपनी सुमधुर फाग भजनों की प्रस्तुति देंगे, जिनकी भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालु झूम उठेंगे। संगीत, भक्ति और रंगों का यह संगम श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव बनेगा।

जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति ने जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश भी दिया है। फाग उत्सव में केवल केमिकल-रहित गुलाल एवं सूखे प्राकृतिक रंगों का ही उपयोग किया जाएगा, जिससे परंपरा के साथ प्रकृति का भी सम्मान हो।

भक्ति, संगीत और रंगों से सराबोर
आयोजकों के अनुसार, यह फाग महोत्सव न केवल होली की खुशियों को साझा करने का अवसर है, बल्कि समाज में सद्भाव, भक्ति और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी देता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिससे शनिधाम का परिसर भक्ति, संगीत और रंगों से सराबोर नजर आएगा।

Shares:
Leave a Reply