Urban administration

सफाई कार्य में लापरवाही करने पर आयुक्त ने लगाई सीएसआई एवं दरोगा को फटकार

इंदौर ।  आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा आज प्रातः काल शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान झोन क्रमांक 11 एवं झोन क्रमांक 20 सहित अन्य स्थानों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

एजेंसी के विरुद्ध पेनल्टी लगाने के निर्देश
आयुक्त सिंघल द्वारा सर्वप्रथम झोन क्रमांक 11 के अंतर्गत जीपीओ चौराहा, शिवाजी वाटिका, दवा बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दवा बाजार परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में कचरा एवं गंदगी पाई गई,

इस पर आयुक्त द्वारा दवा बाजार परिसर में सफाई कार्य में संलग्न एजेंसी के विरुद्ध पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए, सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सीएसआई शैलेश पाल को मौके पर ही फटकार लगाई गई। साथ ही दवा बाजार क्षेत्र में कचरा फैलाने वाले दुकानदारों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

वेतन काटने के निर्देश
सफाई कार्य में उदासीनता बरतने पर आयुक्त  सिंघल द्वारा सीएसआई शैलेश पाल का 03 दिवस का वेतन एवं दरोगा  रुचिर राणा का 07 दिवस का वेतन काटने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता अभियान के मद्देनजर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करना होगा।

सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं
इसके पश्चात आयुक्त  सिंघल द्वारा झोन क्रमांक 20 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 8 स्थित जिंसी हाट मैदान एवं अन्य क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए आयुक्त ने क्षेत्रीय सीएसआई संदीप डांगी का 03 दिवस का वेतन तथा क्षेत्रीय दरोगा दुष्यंत डाबोरे का 07 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसके पश्चात आयुक्त द्वारा कडाबीन हाजिरी सेंटर पर उपस्थित रजिस्टर का अवलोकन किया, रजिस्टर में अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश
आयुक्त सिंघल ने निर्देश दिए कि सभी झोन नियंत्रणकर्ता अधिकारी, झोनल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें तथा बाजार क्षेत्र, सार्वजनिक स्थल, चौराहे एवं पार्कों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कचरा फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई की जाए और नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जाए।

Shares:
Leave a Reply