इंदौर(विनोद गोयल)। होली के उल्लास भरे माहौल में सर्व ब्राह्मण युवा संगठन, महालक्ष्मी नगर इकाई के महिला मंडल द्वारा आयोजित भव्य फाग महोत्सव ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और रंगों की अनूठी छटा से सराबोर कर दिया। ब्रज संस्कृति की झलक से सजे इस आयोजन में जब राधा-कृष्ण की प्रेममयी परंपरा के प्रतीक फूलों की होली खेली गई तो पूरा वातावरण भक्तिरस और उल्लास से गूंज उठा।
महिलाओं ने लिया बढ़-चढ़कर भाग
कार्यक्रम में पारंपरिक नृत्य, मधुर भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धा और उत्साह से भरे इस आयोजन में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और फाग गीतों पर झूमते हुए पूरे माहौल को आनंदमय बना दिया।
समाज में एकता और सौहार्द का संदेश
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती दीपा हेमंत शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन हमारी भारतीय परंपराओं और संस्कारों को जीवंत बनाए रखने का माध्यम हैं, जो समाज में प्रेम, एकता और सौहार्द का संदेश देते हैं।
संगठन के सदस्य रहे मौजूद
इस अवसर पर पार्षद संगीता जोशी, भाजपा नेता एवं इकाई संरक्षक पंडित महेश जोशी, संगठन की केंद्रीय इकाई के अध्यक्ष पंडित संदीप जोशी, इकाई अध्यक्ष पंडित अमित त्रिवेदी, सचिव पंकज वैद्य, इकाई संरक्षक एवं मार्गदर्शक के.के. झा, हेमंत शर्मा, अनिरुद्ध तिवारी, प्रमोद शर्मा, दुष्यंत शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक और संगठन के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने फूलों की होली खेलकर एक-दूसरे को फाग और होली की शुभकामनाएं दीं, जिससे पूरा परिसर रंग, भक्ति और खुशियों से सराबोर हो गया।


