इंदौर(विनोद गोयल)। शहर में जल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर नगर निगम के आयुक्त क्षितिज सिंघल सोमवार सुबह खुद मैदान में उतर आए। सुबह करीब 7 बजे उन्होंने भागीरथपुरा क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया और सीधे नागरिकों से बातचीत कर पानी की स्थिति का फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त के साथ अपर आयुक्त नरेंद्र नाथ पांडे सहित निगम के संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
पानी की गुणवत्ता का लिया जायजा
सबसे पहले आयुक्त भागीरथपुरा की पानी टंकी परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र में गठित बीट टीमों के साथ बैठक कर जल आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि किन-किन इलाकों में पानी की सप्लाई हो रही है, नागरिकों को कितना और किस गुणवत्ता का पानी मिल रहा है तथा कहीं कोई समस्या तो नहीं आ रही।

समस्या का होगा तत्काल समाधान
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां भी छोटी-बड़ी समस्या सामने आए, उसका तत्काल समाधान किया जाए, क्योंकि नागरिकों को समय पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके बाद आयुक्त सिंघल ने पूरे भागीरथपुरा क्षेत्र का दौरा किया और रास्ते में मिलने वाले नागरिकों से सीधे संवाद कर जल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने लोगों से पूछा कि पानी नियमित मिल रहा है या नहीं, मात्रा पर्याप्त है या नहीं और किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है।
नागरिकों से सीधे संवाद की पहल
स्थानीय नागरिकों ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि वर्तमान में उन्हें पर्याप्त और साफ पानी मिल रहा है और जल आपूर्ति को लेकर कोई बड़ी समस्या नहीं है। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने चल रहे रेस्टोरेशन कार्यों को भी गंभीरता से लिया और संबंधित कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि सभी रेस्टोरेशन कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नगर निगम की इस मैदानी निगरानी और नागरिकों से सीधे संवाद की पहल से क्षेत्र में जल आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।


