Eternal Hinduism

साईं बाबा के जयघोष से गूंजा इंदौर- घर-घर हुआ पूजन, 26 मार्च को भव्य साईंराम यात्रा

इंदौर(विनोद गोयल)। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर माहौल में वीणा नगर, श्याम नगर और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। केन्द्रीय साईं सेवा समिति के सानिध्य में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूरे क्षेत्र को “साईं राम” के जयघोष से गुंजायमान कर दिया।

अलसुबह राधिका सोसाइटी में साईं भक्त अशोक गायकवाड के निवास से सुसज्जित पालकी का अभिषेक पूजन कर यात्रा की शुरुआत हुई। ढोल-नगाड़ों और भजनों की मधुर धुन पर झूमते भक्तों के साथ पालकी आगे बढ़ी तो हर गली-चौराहे पर भक्ति का अनोखा दृश्य देखने को मिला। घर-घर आरती, पूजन और पुष्प वर्षा से साईं बाबा का भव्य स्वागत किया गया।

पूरे क्षेत्र को रंगोली, दीपों, पताकाओं और फूलों से सजाया गया था, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया। भजन गायक प्रदीप परमार और अक्षत शर्मा के भजनों ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया। युवाओं, महिलाओं और बच्चों की टोली नाचते-गाते हुए यात्रा के साथ चलती रही।

भक्तों को किया मंत्रमुग्ध
इस दौरान भोलेनाथ और राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे कलाकारों ने आकर्षण का केंद्र बनकर भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही और पूरे खजराना क्षेत्र में भक्ति की गूंज सुनाई देती रही। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

हर घर में विशेष सजावट
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन की तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं और हर घर में विशेष सजावट के साथ बाबा का स्वागत किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं को 26 मार्च को राम नवमी के अवसर पर साईं भक्त ब्रह्मलीन विनिता पाठक की स्मृति में आयोजित भव्य साईंराम पालकी यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया गया।

अब नंदा नगर में सजेगा भक्तिमय माहौल
गुरुवार 19 मार्च से नंदा नगर क्षेत्र में भी साईं बाबा की पालकी और प्रभात फेरी का सिलसिला शुरू होगा। सुबह 5:30 बजे विभिन्न स्थानों से निकलने वाली यह यात्रा 26 मार्च तक अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु बाबा का स्वागत करेंगे।

राम नवमी पर होगा भव्य आयोजन
26 मार्च को राम नवमी के पावन अवसर पर सुबह 5 बजे बड़ा गणपति से छत्रीबाग साईं मंदिर तक भव्य साईंराम पालकी यात्रा निकाली जाएगी। यह आयोजन श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

Shares:
Leave a Reply