इंदौर। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत प्राचीन जल स्रोतों के प्रति नागरिकों में स्वामित्व की भावना विकसित करने तथा उन्हें सहेजने एवं संरक्षित करने के उद्देश्य से झोन क्रमांक 20, वार्ड क्रमांक 6 स्थित हंस दास मठ बावड़ी पर विशेष पेंटिंग एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन कारवां इंडिया के सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान आयुक्त क्षितिज सिंघल, अपर आयुक्त आकाश सिंह, पार्षद संध्या यादव, जोनल अधिकारी पल्लवी पाल सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इस अवसर पर “शब ए इंदौर – अ म्यूजिकल इवेंट” की टीम ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। टीम के लगभग 80 दर्शकों एवं 30 कलाकारों ने मिलकर बावड़ी परिसर में श्रमदान किया। सभी ने मिलकर बावड़ी की साफ-सफाई की तथा उसकी दीवारों पर आकर्षक एवं संदेशात्मक पेंटिंग बनाई, जिससे न केवल बावड़ी का सौंदर्य बढ़ा, बल्कि जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रसारित हुआ।
आयुक्त सिंघल ने कहा कि शहर में स्थित प्राचीन जल स्रोत हमारी धरोहर हैं और इनके संरक्षण में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नागरिकों में इन जल स्रोतों के प्रति अपनत्व की भावना विकसित होती है और वे इनके संरक्षण के लिए आगे आते हैं।


