*लाइट्स, कैमरा, इंदौर! 20 अप्रैल से होगा प्रेस्टीज इंदौर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का भव्य आगाज*
*प्रख्यात फिल्म अभिनेता अनुपम खेर करेंगे फिल्म फेस्टिवल का ग्रैंड ओपनिंग*
इंदौर। शहर एक बार फिर ग्लैमर, सिनेमा और क्रिएटिविटी के रंगों में डूबने जा रहा है। 20 से 22 अप्रैल तक आयोजित होने वाला ‘प्रेस्टीज इंदौर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ (PIIFF) अपने नवमे संस्करण के साथ इंदौर को तीन दिनों के लिए एक जीवंत फिल्मी कैनवास में बदल देगा, जहां रेड कार्पेट, लाइट्स और कैमरों की चमक के बीच देश-विदेश के कलाकार, फिल्मकार और युवा प्रतिभाएं एक मंच पर नजर आएंगी। फेस्टिवल का भव्य आगाज़ 20 अप्रैल को संगीत कला एकेडमी के मेहता ऑडिटोरियम में बॉलीवुड के बहुमुखी अभिनेता अनुपम खेर के हाथों होगा। उद्घाटन अवसर पर उनकी चर्चित फिल्म “तनवी द ग्रेट” की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी। इसके बाद “इन कन्वर्सेशन” सत्र में अनुपम खेर अपने अभिनय सफर, जीवन के अनुभवों और सिनेमा के बदलते स्वरूप पर खुलकर अपने विचार साझा करेंगे। पहले दिन प्रख्यात फिल्मकार गजेंद्र आहिरे की मास्टरक्लास भी खास आकर्षण रहेगी, जिसमें प्रतिभागियों को कहानी कहने की कला, फिल्म निर्माण की प्रक्रिया और तकनीकी बारीकियों की गहराई से जानकारी मिलेगी।
प्रेस्टीज एजुकेशन फाउंडेशन के चेयरमैन एवं पीआईएमआर डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. डेविश जैन ने कहा, “यह फेस्टिवल केवल फिल्में देखने का मंच नहीं, बल्कि सीखने, संवाद और रचनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त अवसर है।” वहीं वाइस चांसलर डॉ. एस.एस. भाकर के अनुसार, महोत्सव में फिल्म स्क्रीनिंग, इंटरएक्टिव सेशन्स, मास्टरक्लास, प्रतियोगिताएं और डिजिटल युग से जुड़े कार्यक्रम प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेंगे।
21 अप्रैल को क्रिएटिविटी की चुनौती, सितारों से संवाद
दूसरे दिन 48-घंटे की शॉर्ट फिल्म मेकिंग प्रतियोगिता में युवा प्रतिभाएं सीमित समय में अपनी रचनात्मकता और टीमवर्क का प्रदर्शन करेंगी। साथ ही 15 चयनित फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग भी होगी। इस दिन बॉलीवुड और भोजपुरी सिनेमा के करिश्माई स्टार व सांसद रवि किशन “इन कन्वर्सेशन” सत्र में शामिल होंगे और सिनेमा व समाज के अपने अनुभव साझा करेंगे। इसके अलावा फिल्म निर्माता एवं लेखिका बरनाली रे शुक्ला निर्देशन, पटकथा लेखन और विजुअल स्टोरीटेलिंग पर मास्टरक्लास लेंगी।
22 अप्रैल को होगा डिजिटल क्रिएटर्स का संगम
फेस्टिवल के अंतिम दिन इन्फ्लूएंसर मीट आयोजित होगा, जिसमें इंदौर और मुंबई के करीब 30 प्रमुख कंटेंट क्रिएटर्स डिजिटल युग में सिनेमा और सोशल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स पर चर्चा करेंगे। प्रेस्टीज मीडिया के हेड डॉ. जुबेर खान के अनुसार, यह मंच युवाओं को डिजिटल दुनिया में नई संभावनाओं से जोड़ने का कार्य करेगा। वहीं यूजी कैंपस के डायरेक्टर कर्नल एस. रमन अय्यर ने कहा कि यह महोत्सव सिनेमा को मनोरंजन से आगे बढ़कर संवाद, संवेदना और शिक्षा के माध्यम के रूप में स्थापित करेगा।
प्री-लॉन्च में दिखा बॉलीवुड का ग्लैमर
फेस्टिवल के प्री-लॉन्च इवेंट्स में भी बॉलीवुड का रंग देखने को मिला। डैंगलर लॉन्च समारोह में फिल्म और ओटीटी अभिनेत्री खुशबू अत्रे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। “क्रिमिनल जस्टिस सीजन 4” से चर्चा में आईं खुशबू अत्रे ने छात्रों के बीच खास उत्साह जगाया।
यूजी कैंपस में आयोजित ‘बॉलीवुड डे’ के दौरान छात्रों ने डांस, फ्लैश मॉब और म्यूजिकल मैशअप से माहौल को पूरी तरह फिल्मी बना दिया। फैकल्टी और विद्यार्थियों ने थीम आधारित फैंसी ड्रेस और रैंप वॉक में अपनी क्रिएटिविटी का शानदार प्रदर्शन किया। रहमान डकैत के गेटप में फिल्म धुरंधर के गाने पर संस्थान के फैकल्टी का रैंप वाक ने छात्र छात्राओं से खूब तालियां बटोरी। म्यूजिकल मैशअप ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। इस दौरान बेस्ट ड्रेस्ड स्टूडेंट्स और फैकल्टी को पुरस्कृत किया गया।


