NEWS

खाटू श्याम धाम अंबिकापुरी का वार्षिक महोत्सव 20 से, कलश यात्रा से होगा शुभारंभ, खाटू श्याम भागवत भी 

खाटू श्याम धाम अंबिकापुरी का वार्षिक महोत्सव 20 से, कलश यात्रा से होगा शुभारंभ, खाटू श्याम भागवत भी

प्रतिदिन खाटू श्याम महायज्ञ एवं पवित्र ज्योत के दर्शन भी होंगे – तैयारियां शुरू

इन्दौर, । एयरपोर्ट रोड, अंबिकापुरी स्थित श्री खाटू श्याम धाम का 29वां वार्षिक महोत्सव इस बार शनिवार, 20 जून से शुक्रवार, 26 जून तक धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान श्री खाटू श्याम महायज्ञ, खाटू श्याम भागवत, भजन संकीर्तन, बाबा की पवित्र ज्योत के दर्शन सहित विभिन्न अनुष्ठान महामंडलेश्वर गोपालदास महाराज के सानिध्य में होंगे।

महंत नीलू बाबा ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 20 जून को सुबह 8 बजे से खाटू श्याम महायज्ञ के साथ होगा। सुबह 9 बजे स्मृति नगर स्थित शिव मंदिर से खाटू श्याम धाम अम्बिकापुरी तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालु परम्परागत परिधान में शामिल होंगे। महोत्सव में 20 जून से 24 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से व्यास पीठ पर विराजित होकर दिल्ली वाले स्वामी संजय प्रभाकर खाटू श्याम भागवत की संगीतमय कथा की अमृत वर्षा करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस दौरान 25 जून को निर्जला एकादशी के उपलक्ष्य में सुबह 8 से 10 बजे तक श्री खाटू श्याम महायज्ञ में विश्व शांति एवं जन कल्याण की भावना से 108 श्रीफलों की विशेष आहुतियाँ समर्पित की जाएंगी। दोपहर 2 बजे महिला मंडल द्वारा भजन, शाम 5 बजे से श्याम बाबा का फूलों से विशेष श्रृंगार दर्शन और 56 भोग एवं शाम 7.30 बजे से फूल-बंगले के दर्शन पश्चात महाआरती और बाबा की पवित्र ज्योत के दर्शन भी होंगे। खाटू श्याम महायज्ञ की पूर्णाहुति 26 जून को सुबह 8 से 10 बजे तक होगी और दोपहर 3 बजे खाटू श्याम महिला मंडल के भजन पश्चात शाम 7.30 बजे से महाआरती के पश्चात भजन संध्या एवं चालित भंडारे के आयोजन होंगे। महायज्ञ में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालु 21 जून तक सुबह 8 से 10 बजे तक मंदिर में सम्पर्क कर सकते हैं। भागवत कथा का समापन 24 जून को होगा। महोत्सव के लिए विभिन्न समितियां गठित कर नियमित बैठकों का दौर शुरू हो चुका

है।

 

Shares: