स्मृति नगर शिव मंदिर से खाटू श्याम कलश यात्रा के साथ
आज से होगा सात दिवसीय महोत्सव का श्रीगणेश
पहली बार खाटू श्याम भागवत का आयोजन भी आज से – गौ पूजन के साथ शुरू होगा महायज्ञ
इन्दौर, । एयरपोर्ट रोड, अंबिकापुरी स्थित श्री खाटू श्याम धाम के 29वें वार्षिकोत्सव का शुभारंभ शनिवार सुबह 9 बजे स्मृति नगर स्थित शिव मंदिर से अंबिकापुरी स्थित खाटू श्याम धाम मंदिर तक भव्य कलश यात्रा के साथ होगा।
महंत नीलू बाबा ने बताया कि महामंडलेश्वर गोपाल दास महाराज के सानिध्य में स्मृति नगर स्थित शिव मंदिर से अंबिकापुरी स्थित खाटू श्याम धाम मंदिर तक खाटू श्याम अखाड़े के अनेक संत, भजन एवं गरबा मंडलियां, कलशधारी महिलाएं और श्याम बाबा की पताकाओं से सुसज्जित कलश यात्रा में दिल्ली से आए भागवताचार्य संजय प्रभाकर भी शामिल रहेंगे। कलश यात्रा के पश्चात गौवंश पूजन के साथ खाटू श्याम महायज्ञ का शुभारंभ होगा। विश्व शांति एवं जनकल्याण की कामना के साथ इस महायज्ञ में राष्ट्र एवं मालवांचल में सुखद वर्षा की प्रार्थना भी यज्ञ देवता से की जाएगी। खाटू श्याम भागवत कथामृत की वर्षा प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक एवं इसके पूर्व प्रतिदिन सुबह 8 से 11 बजे तक खाटू श्याम महायज्ञ होगा। मन्दिर में प्रतिदिन श्याम बाबा का नित्य नूतन श्रृंगार भी होगा। मंदिर के महिला मंडल द्वारा प्रतिदिन संध्या को भजन संकीर्तन भी होंगे।


