अपने भक्तों की रक्षा के लिए खाटू श्याम बाबा दौड़े चले आएँगे, बशर्ते हमारे मन में सच्ची श्रद्धा बनी रहे
अम्बिकापुरी स्थित खाटू श्याम धाम में चल रहे वार्षिकोत्सव में चल रही खाटू श्याम भागवत में उमड़ रहा भक्तों का मेला, खाटू श्याम महायज्ञ में सुखद वर्षा के लिए भी आहुतियाँ
इन्दौर, । जिसके ईष्ट और कुलदेवता खाटू वाले श्याम बाबा हों, उन्हें श्याम भागवत अवश्य सुनना चाहिए। निर्धन, निःसंतान और दुर्भाग्य से घिरे लोगों को श्याम बाबा की कृपा अवश्य मिलती है। दिलचस्प बात यह भी है कि श्याम बाबा अपने भक्तों की मनोकामना पूरी करने और भक्तों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। जीवन में जब सब दूर से विफलता मिले, निराशा घेर ले, चारों ओर से पराजय मिलने लगे तो खाटू श्याम बाबा की शरण में पहुँच कर सच्चे भाव से अपनी अर्जी लगाएं तो अवश्य स्वीकार होगी। कोई खाली हाथ नहीं लौटता श्याम सरकार के दरबार से। सच्चे मन से की गई हर पुकार और प्रार्थना पूरी करने के लिए श्याम बाबा खुद दौडे चले आते हैं। यही कारण है कि कलियुग में श्याम बाबा के मंदिरों और भक्तों की संख्या निरंतर बढती जा रही है।
ये दिव्य विचार हैं दिल्ली के प्रख्यात भागवताचार्य पं. संजय प्रभाकर के, जो उन्होंने सोमवार को एयरपोर्ट रोड, अंबिकापुरी स्थित श्री खाटू श्याम धाम मंदिर के 29वें वार्षिकोत्सव में चल रही श्याम भागवत के दौरान व्यक्त किए। महामंडलेश्वर स्वामी गोपालदास महाराज के सानिध्य में अ.भा. खाटू श्याम अखाड़े के अनेक संत-विद्वान इस महोत्सव में शामिल होने आए हुए हैं। कथा शुभारंभ के पूर्व व्यास पीठ का पूजन विजय कालानी, विनोद मित्तल, हीरालाल कुमावत, विजय शर्मा, महेश वर्मा, सुरेश सेन एवं उमेश यादव ने किया। विद्वान वक्ता की अगवानी मातृशक्ति की ओर से मालती जायसवाल, रेखा परमार, पूजा गोयल, शांतनु शर्मा, शालिनी जैन, संतोष खंडेलवाल, सुमित्रा शर्मा, गंगा जैन एवं समिति से जुड़े सुनील शुक्ला, सुनील पांडे, मयंक मंडवाल, धीरेंद्र जायसवाल ने की।
महंत नीलू बाबा ने बताया कि पं. संजय प्रभाकर के श्रीमुख से श्याम सरकार की भागवत का दिव्य आयोजन शहर में पहली बार होने से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए आ रहे हैं। दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक भागवत कथा के साथ भजन गायकों एवं संगीतज्ञों का जादू भी देखने-सुनने को मिल रहा है, जब मनोहारी भजनों पर महिलाओं के अलग-अलग समूह रोजाना नाचते गाते हुए अपनी श्रद्धा-आस्था व्यक्त कर रहे हैं। भागवत कथा 25 जून तक चलेगी, जिसमें मंगलवार को पांडवों के वनवास, दादा भीम एवं पोते बर्बरीक के बीच युद्ध, भीमेश्वर महादेव सहित अपने प्रसंगों की कथा होगी।
खाटू श्याम महायज्ञ में आहुतियाँ जारी – खाटू श्याम भागवत के साथ मंदिर पर खाटू श्याम महायज्ञ का अनुष्ठान भी गत 20 जून से चल रहा है, जिसमें रविवार से आहुतियों की मंगल ध्वनि से समूचा अम्बिकापुरी क्षेत्र गुंजायमान हो रहा है। सुखद वर्षा की कामना से शनिवार को शुरू हुए महायज्ञ का नतीजा रविवार शाम सामने आया, जब शहर में अच्छी वर्षा का दौर चलता रहा।
निर्जला एकादशी 25 को – वार्षिकोत्सव में 25 जून को निर्जला एकादशी के उपलक्ष्य में विभिन्न आयोजन होंगे। महंत नीलू बाबा ने बताया कि सुबह 8 से 10 बजे तक सुखद वर्षा, जन कल्याण एवं विश्व में शांति-सदभाव की कामना से खाटू श्याम महायज्ञ से 108 श्रीफलों (नारियल) की आहुतियाँ समर्पित की जाएगी। महिला मंडल द्वारा दोपहर 2 बजे भजन संकीर्तन, शाम 5 बजे पुष्प श्रृंगार एवं 56 भोग तथा शाम 7 बजे से श्याम बाबा पुष्प बंगले में विराजित होकर अपने भक्तों को दर्शन देंगे। इसके बाद महाआरती एवं पवित्र ज्योत के दर्शन होंगे। 26 जून को महायज्ञ की पूर्णाहुति सुबह 10 बजे से होगी और दोपहर 3 बजे से खाटू श्याम महिला मंडल द्वारा भजन संकीर्तन, भजन संध्या के बाद चालित भंडारे का आयोजन
होगा।


