NEWS

आईआईटी इंदौर के 14वें दीक्षांत समारोह  में शैक्षणिक उत्कृष्टता का उत्सव

आईआईटी इंदौर के 14वें दीक्षांत समारोह

में शैक्षणिक उत्कृष्टता का उत्सव

इंदौर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान इंदौर (आईआईटी इंदौर) में आज 14वाँ दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के 807 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं। इस अवसर पर नीति आयोग के सदस्य एवं भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के पूर्व सचिव प्रोफेसर अभय करंदीकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता आईआईटी इंदौर के शासी मंडल (बीओजी) के अध्यक्ष डॉ. के. शिवन ने की तथा आईआईटी इंदौर के निदेशक प्रोफेसर सुहास एस. जोशी ने समारोह की मेजबानी की।

उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में 111 पीएचडी शोधार्थी, 356 बीटेक विद्यार्थी, 146 एमटेक विद्यार्थी (जिनमें हाइब्रिड एंड इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी के 19 विद्यार्थी शामिल हैं), 23 एमएस (रिसर्च), 102 एमएससी तथा एमएसडीएसएम कार्यक्रम के 69 विद्यार्थी सम्मिलित रहे। इस वर्ष का दीक्षांत समारोह कई दृष्टियों से ऐतिहासिक रहा। वोल्वो आइशर कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड के सहयोग से संचालित एमटेक (हाइब्रिड एंड इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी) की प्रथम दो बैचों तथा सेंटर ऑफ फ्यूचरिस्टिक डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजी के एमटेक कार्यक्रम के प्रथम बैच ने अपनी शिक्षा पूर्ण की। यह उपलब्धि उद्योगोन्मुख एवं रणनीतिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण शिक्षा प्रदान करने के प्रति आईआईटी इंदौर की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

समारोह में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए विभिन्न श्रेणियों में सात प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक, आठ संस्थान रजत पदक तथा स्नातक स्तर पर शोध एवं नवाचार में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ बीटेक परियोजना पुरस्कार प्रदान किए गए। इस वर्ष विशेष आकर्षण रहा ‘अशोक बंसल स्मृति स्वर्ण पदक’ का प्रथम बार प्रदान किया जाना। यह पदक प्रत्येक शैक्षणिक वर्ष में आईआईटी इंदौर के सभी विभागों में किसी महिला शोधार्थी द्वारा प्रस्तुत सर्वश्रेष्ठ पीएचडी शोधप्रबंध के सम्मान में स्थापित किया गया है।

स्वर्ण पदक विजेता पदक पुरस्कार प्राप्तकर्ता कार्यक्रम

राष्ट्रपति स्वर्ण पदक मदन पी बीटेक (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग)

बूटी (BUTI) फाउंडेशन स्वर्ण पदक ग्लैडिस जे एमएससी (रसायन विज्ञान)

वी.पी.पी. मेनन स्वर्ण पदक हरप्रिया मिन्हास पीएचडी (रसायन विज्ञान)

संस्थान सर्वांगीण स्वर्ण पदक एवं अगम प्रसाद स्मृति स्वर्ण पदक अर्पित कुमार सिंह पीएचडी (मैकेनिकल इंजीनियरिंग)

श्री गण्टि सुब्बा राव एवं श्रीमती गण्टि वेंकट रमाणी पुरस्कार सौरभ मिश्रा पीएचडी (मैकेनिकल इंजीनियरिंग)

अशोक बंसल स्मृति स्वर्ण पदक नबास्मिता फुकन पीएचडी (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग)

रजत पदक एवं पुरस्कार विजेता पदक / पुरस्कार पुरस्कार प्राप्तकर्ता कार्यक्रम

संस्थान रजत पदक एडुला चार्मी रेड्डी बीटेक (सिविल इंजीनियरिंग)

संस्थान रजत पदक अविरल शर्मा बीटेक (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग)

संस्थान रजत पदक कुमार अनमोल बीटेक (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग)

संस्थान रजत पदक हृषिकेश जवाले बीटेक (मैकेनिकल इंजीनियरिंग)

सर्वश्रेष्ठ बीटेक परियोजना पुरस्कार (स्वर्ण) एवं संस्थान रजत पदक ध्रुव जैन बीटेक (मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग एवं मैटेरियल्स साइंस)

संस्थान रजत पदक (एमटेक) शिक्षा सिंह एमटेक (सिविल इंजीनियरिंग)

संस्थान रजत पदक (एमएससी) स्मिता कराती एमएससी (मेहता फैमिली स्कूल ऑफ बायोसाइंसेज़ एंड बायोमेडिकल इंजीनियरिंग)

एमएसडीएसएम रजत पदक हृत्विक गुप्ता एमएस इन डेटा साइंस एंड मैनेजमेंट

इस अवसर पर आईआईटी इंदौर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. के. सिवन ने कहा, “आज का दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि हमारे प्रत्येक उपाधि प्राप्तकर्ता की परिवर्तनकारी यात्रा का उत्सव है। आईआईटी इंदौर शोध एवं नवाचार के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में निरंतर आगे बढ़ रहा है और ऐसे उपाधि प्राप्तकर्ताओं का निर्माण कर रहा है जो वर्तमान समय की सबसे जटिल चुनौतियों का समाधान करने में सक्षम हैं। शासी मंडल की ओर से मैं वर्ष 2026 के सभी उपाधि प्राप्तकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूँ तथा विश्वास व्यक्त करता हूँ कि वे आईआईटी इंदौर के मूल्यों एवं उत्कृष्टता की परंपरा को अपने प्रत्येक कार्य में आगे बढ़ाएंगे।”

आईआईटी इंदौर के निदेशक प्रोफेसर सुहास एस. जोशी ने कहा, “आईआईटी इंदौर का 14वाँ दीक्षांत समारोह हमारे संपूर्ण शैक्षणिक समुदाय के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। आज हमारे विद्यार्थी शोध, नवाचार और नेतृत्व की नई यात्रा प्रारंभ कर रहे हैं। इस वर्ष हाइब्रिड एंड इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी तथा डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे अग्रणी कार्यक्रमों के प्रथम बैचों का उपाधि प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि आईआईटी इंदौर अपनी शैक्षणिक दृष्टि को राष्ट्र और विश्व की भावी आवश्यकताओं के अनुरूप निरंतर विकसित कर रहा है। मुझे प्रत्येक उपाधि प्राप्तकर्ता पर गर्व है और मैं ऐसे परिवेश के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हूँ जहाँ जिज्ञासा, सृजनशीलता और उत्कृष्टता निरंतर विकसित होती रहे।”

14वें दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, प्रतिष्ठित संकाय सदस्यों, पूर्व छात्रों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की और संस्थान के इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने।

Shares: