NEWS

आज के दौर में परिचय सम्मेलन सभी समाजों की जरूरत बन गए – गुप्ता

आज के दौर में परिचय सम्मेलन सभी समाजों की जरूरत बन गए – गुप्ता

खण्डेलवाल संस्कृति वूमन्स क्लब एवं संत श्री सुंदरदास पारमार्थिक ट्रस्ट की मेजबानी में अ.भा. खंडेलवाल महासभा

जयपुर के तत्वावधान में दो दिवसीय परिचय सम्मेल का हुआ शुभारंभ – 170 प्रत्याशी पहुँचे मंच पर

इंदौर। परिचय सम्मेलन जैसे आयोजनों से सामाजिक एकता, आपसी प्रेम एवं रिश्तों में आत्मीयता तो बढती ही है, समय और धन की बचत भी होती है। आज के दौर में न तो पालकों के पास समय है और न ही प्रत्याशियों के पास। इस स्थिति में परिचय सम्मेलन आज सभी समाजों की जरूरत बन गए हैं।

ये विचार हैं अ.भा. खंडेलवाल वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेशचंद्र गुप्ता (तुंगावाला) के, जो उन्होंने शनिवार को खण्डेलवाल संस्कृति वूमन्स क्लब एवं संत श्री सुंदरदास पारमार्थिक ट्रस्ट द्वारा अ.भा. खंडेलवाल वैश्य महासभा जयपुर के तत्वावधान में साउथ तुकोगंज स्थित पंजाब अरोड़वंशीय ट्रस्ट भवन पर आयोजित दो दिवसीय परिचय सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष संजीव कट्टा ने भी अपने विचार रखे और कहा कि महासभा गत 113 वर्षों से सामाजिक प्रगति तथा अन्य बुराइयों के उन्मूलन की दिशा में लगातार सक्रिय है। परिचय सम्मेलन स्थल को रुक्मणी देवी चिरंजी लाल गुप्ता नाम दिया गया है जहाँ कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उद्योगपति मनीष शाहरा ने आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए सभी प्रत्याशियों के प्रति मंगल भाव व्यक्त किए। उद्योगपति एवं समाजसेवी सुरेश शाहरा भी विशेषरूप से उपस्थित रहे। श्रीमती आशा विजयवर्गीय ने भी संबोधित कर शुभकामनाएं दी।

सम्मेलन का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा संत सुन्दरदास, संत बलरामदास, संत कल्याण दास महाराज एवं माँ सरस्वती के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत दिनेश कूलवाल, रमेश गुप्ता, कैलाशचन्द खंडेलवाल, सुनील माली, राजेंद्र कूलवाल एवं महिला समिति की ओर से श्रीमती शुभांगी भूखमारिया, संगीता कूलवाल, सुनीता राजोरिया, उषा कूलवाल, सारिका खण्डेलवाल आदि ने किया। अतिथियों ने परिचय समेलन की पुस्तिका “परिणय बंधन” का विमोचन भी किया। इस अवसर पर आयोजन समिति के राजेश डंगायच, कैलाश खंडेलवाल एवं निर्भय खंडेलवाल, संजय बड़गोती, राजेश भूखमारिया ने सभी प्रत्याशियों एवं पालकों की अगवानी कर उन्हें परिणय बंधन पुस्तिका भेंट की।

परिचय सत्र में देश के विभिन्न राज्यों से आए 300 में से करीब 170 प्रत्याशियों ने शाम 7.30 बजे तक मंच पर पहुंचकर बेबाकी से अपने परिचय दिए और भावी जीवनसाथी के बारे में अपनी अपेक्षाएं बताई। किसी को अपने समकक्ष आईटी प्रोफेशनल तो किसी को डॉक्टर्स और इंजीनियर्स अथवा एमबीए प्रत्याशी की जरूरत सामने आई। अनेक प्रत्याशियों के पालकों ने भी अपनी बात रखी। शाम 7.30 बजे तक चले परिचय सम्मेलन में अंतिम दौर में करीब 40 रिश्तों पर चर्चा शुरू होने की सूचना मिली तो सम्मलेन स्थल पर ख़ुशी की लहर दौड़ गई। उम्मीद है कि दोनों दिनों में करीब 75 रिश्तों पर मोहर लग सकेगी। मंच का संचालन किया सीए सुनील खंडेलवाल, प्रियंका खंडेलवाल एवं शीतल गुप्ता ने। अंत में आभार माना राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाशचंद्र खंडेलवाल ने। रविवार को सुबह 10 बजे से परिचय सम्मेलन में दूसरे दिन की प्रक्रिया प्रारंभ होगी।

 

 

Shares: