NEWS

इस्कॉन मंदिर पर सैकड़ों भक्तों ने कराया भगवान जगन्नाथ को 108 तीर्थस्थलों के पवित्र जल, सुगंधित द्रव्यों एवं फलों के रस से स्नान स्नान के तुरंत बाद भगवान को आया बुखार, 16 जुलाई तक बंद रहेंगे मंदिर के पट

इस्कॉन मंदिर पर सैकड़ों भक्तों ने कराया भगवान जगन्नाथ को 108 तीर्थस्थलों के पवित्र जल, सुगंधित द्रव्यों एवं फलों के रस से स्नान
स्नान के तुरंत बाद भगवान को आया बुखार, 16 जुलाई तक बंद रहेंगे मंदिर के पट

इंदौर । निपान्या स्थित इस्कॉन मंदिर पर सोमवार को सुबह सैकड़ों भक्तों ने भगवान जगन्नाथ को देश के 108 तीर्थस्थलों के पवित्र जल, सुगन्धित द्रव्यों एवं फलों के रस से स्नान कराया। ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा पर पुरी स्थित मुख्य मंदिर में भी भगवान जगन्नाथ को मंदिर की परम्परा के अनुसार शास्त्रोक्त विधि से स्नान कराया जाता है। आज स्नान के तुरंत बाद भगवान को 15 दिन के लिए बुखार आ जाने के कारण 16 जुलाई तक मदिर के पट बंद रहेंगे और उनके स्वस्थ होते ही 19 जुलाई को अन्नपूर्णा मंदिर से गोपाल मंदिर राजवाड़ा तक भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की व्यापक तैयारियां भी शुरू हो गई है।
इस्कॉन मंदिर इंदौर के अध्यक्ष स्वामी महामनदास प्रभु ने बताया कि शीतल जल से स्नान के बाद भगवान को बुखार आ गया है, इस कारण 16 जुलाई तक मंदिर के पट बंद रहेंगे। इस बीच भगवान को बीमारी के चलते दूध-दलिया, उबली हुई सब्जियां, खिचड़ी, काढ़ा आदि का भोग लगाया जाएगा एवं जड़ी-बूटियों और औषधियों से उनका उपचार भी कराया जाएगा।
रथ यात्रा संयोजक हरि अग्रवाल, किशोर गोयल, अशोक गोयल एवं सह संयोजक भावेश दवे ने बताया कि स्नान यात्रा में महामनप्रभु, विशाल प्रभु, लक्ष्मण दास, गिरधर गोपालदास, श्रीनिकेतन दास, अच्युत गोपालदास, अद्विधरण दास, रणवीर दास सहित सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया। रथ यात्रा के रूप में भगवान 19 जुलाई को अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण करेंगे जो अन्नपूर्णा मंदिर से प्रारंभ होकर गोपाल मन्दिर राजवाड़ा तक होगा। मार्ग में अनेक स्थानों पर स्वागत मंच, तोरण द्वार एवं भक्तों के लिए फलाहार आदि की व्यवस्था भी विभिन्न संगठनों द्वारा की जाएगी।

 

Shares: