अग्रसेन सोशल ग्रुप की पहल, 18 महिलाओं को दी सिलाई मशीन,
– स्वावलंबन की ओर बढ़े कदम
ग्रुप का 11वां सेवा आयोजन, अब तक 400 से अधिक महिलाओं को किया जा चुका है लाभान्वित
इंदौर। अग्रसेन सोशल ग्रुप द्वारा सामाजिक सरोकारों की श्रृंखला के तहत गीताभवन में 18 जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। यह सेवा कार्य गोयल पारमार्थिक ट्रस्ट के समाजसेवी प्रेमचंद गोयल के सौजन्य से आयोजित किया गया। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर चेतन स्वरूप जी, समाजसेवी प्रेमचंद गोयल, विजय गोयल एवं अरविंद बागड़ी थे। इस अवसर पर प्रेमचंद गोयल ने कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। उन्होंने कहा, जब समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोग आगे आएंगे और स्वावलंबी बनेंगे, तभी परिवार मजबूत होगा और समाज सशक्त बनेगा।
ग्रुप के समन्वयक राजेश गर्ग, अध्यक्ष कमलेश मित्तल एवं महामंत्री राजकुमार बंसल ने बताया कि महिलाओं को सिलाई मशीन उपलब्ध कराने का यह अभियान निरंतर जारी है। ग्रुप के शिव जिंदल एवं राजू बंसल ने बताया कि यह आयोजन का 11वां वर्ष है। अब तक 400 से अधिक महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया जा चुका है।
कार्यक्रम में सत्येंद्र जोशी, समाजसेवी मनीष खजांची, संजय मंगल, सतीश गोयल, शशि गर्ग, प्राची गर्ग सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिव जिंदल ने किया, जबकि विनोद गोयल ने सभी का आभार व्यक्त किया।
ग्रुप समन्वयक राजेश गर्ग ने कहा सिलाई मशीन के माध्यम से महिलाओं को केवल साधन ही नहीं, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिला। भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।


