सम्यक दर्शन, ज्ञान और चरित्र के मार्ग पर चलना है तो अपने जीवन की गाड़ी की स्पीड को नियंत्रण में रखें–राष्ट्रसंत सुधासागर म.सा.
दलाल बाग में कल स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पहले तिरंगा यात्रा, फिर नृत्य नाटिका और राष्ट्रसंत देंगे प्रेरक आशीर्वचन
इंदौर। सम्यक दर्शन, ज्ञान और चरित्र के मार्ग पर चलना है तो अपने जीवन की गाड़ी की स्पीड को नियंत्रण में रखना होगा। प्रत्येक जीव मोक्ष प्राप्त करना चाहता है। मोक्ष के मार्ग पर चलना है तो कई चीजें छोड़ना पड़ेगी। संयम और दर्शन मोक्ष के मार्ग पर पहुँचने की पगडंडी है। जीवन में एक निंदक जरुर रखना चाहिए। निंदक के साथ रहने से हम अपने कर्मों के प्रति सजग बने रहते हैं। मन्दिर जाने का नियम अवश्य बनाएं। मन में हमेशा यह भाव रखना कि मैं उस देश में जन्म लूं जहाँ मुझे सदकर्म करने के लिए सीधे अवसर प्राप्त हों।
ये प्रेरक विचार है संत शिरोमणि प.पू. विद्यासागर म.सा. के परम प्रभावक शिष्य और राष्ट्रसंत मुनि पुंगव प.पू. श्री सुधासागर महाराज के, जो उन्होंने गुरुवार को सकल दिगम्बर जैन धर्म प्रभावना समिति के तत्वावधान में दलाल बाग के विशाल विद्या-सुधा सत्संग मंडप में चल रहे चातुर्मास की महती धर्मसभा में उपस्थित भक्तों को आशीर्वचन देते हुए उक्त व्यक्त किए। प्रारम्भ में श्रीदिगम्बर जैन गांधी नगर महिला मंडल ने मंगलाचरण का लाभ लिया। दीप प्रज्वलन राहुल झांजरी अगरबत्ती परिवार ने किया। राष्ट्रसंत को मनीष-सपना गोधा परिवार ने श्रीफल भेंट किया। मंच का संचालन अर्चना-दिलीप गोधा ने किया और आभार माना शिवानी-नवीन गोधा ने। आयोजन समिति की ओर से नवीन गोधा, मनीष गोधा, अशोक डोसी, हर्ष जैन, आकाश जैन कोयला आदि ने देशभर से आए सभी साधकों की अगवानी की। चातुर्मास के दौरान दलाल बाग पर प्रतिदिन सुबह 8 से 9.30 बजे तक धर्मसभा में राष्ट्रसंत सहित सभी संत विद्वानों के प्रवचनों की अमृत वर्षा जारी है। चातुर्मास के दौरान विभिन्न अनुष्ठान भी होंगे।
दलाल बाग पर मनेगा आज़ादी का जश्न – स्वतन्त्रता दिवस की वर्षगांठ पर राष्ट्रसंत प.पू. सुधासागर म.सा. के सानिध्य एवं उनकी प्रेरणा से देशभक्ति से ओतप्रोत “माँ तुझे सलाम” का भव्य आयोजन होगा। इसके तहत सुबह 7.15 बजे श्रीआदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर छत्रपति नगर से दलाल बाग स्थित विद्या-सुधा मंडप तक राष्ट्रसंत प.पू. विद्यासागर महाराज के सानिध्य में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। दलाल बाग पर मंगलाचरण के तहत नृत्य के माध्यम से शानदार प्रस्तुति होगी। सुबह 7.45 बजे ध्वजा रोहण एवं ध्वज वन्दन तथा 8.15 बजे से राष्ट्रसंत के विशेष प्रवचन होंगे। उत्सव के मुख्य संयोजक सपना-मनीष गोधा, तृप्ति-हर्ष जैन, शिवानी-नवीन गोधा, रानी-अशोक डोसी, अंतिका-आनंद गोधा, दीपिका-आकाश जैन कोयला, संध्या-धर्मेन्द्र जैन, सोनम-गिरीश जैन, शचि-सौरभ बडजात्या, लीना-अक्षय कासलीवाल, अनिता-संजय सांवरिया एवं शिल्पी-राहुल जैन स्पोर्ट्स मनोनीत किए गए हैं। महिलाऐं केशरिया या हरी सारी तथा पुरुष वर्ग सफ़ेद परिधान में आएंगे। समाज बंधुओं से इस आयोजन में बच्चों को लेकर आने का विशेष आग्रह किया गया है।—


