श्रद्धा सुमन सेवा समिति द्वारा शहर के 7 समर्पित सेवाभावी बंधुओं का सम्मान समारोह अखंड धाम पर 15 को
समाजसेवी ब्रह्मलीन मोहनलाल सोनी के द्वितीय पुण्य स्मरण प्रसंग पर होगा अनूठा आयोजन
इंदौर। श्रद्धा सुमन सेवा समिति द्वारा अपने संस्थापक ब्रह्मलीन मोहनलाल सोनी के द्वितीय पुण्य स्मरण प्रसंग पर शहर के 7 समर्पित सेवाभावी बंधुओं का सम्मान प्रमुख संतों के सानिध्य में रविवार 15 अगस्त को बिजासन रोड स्थित नरसिंह वाटिका पर शाम 6 बजे से आयोजित होगा।
समिति के अध्यक्ष हरि अग्रवाल एवं राजेंद्र सोनी ने बताया कि सांसद शंकर लालवानी, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के मुख्य आतिथ्य एवं राष्ट्र कवि पं. सत्यनारायण सत्तन की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में समाजसेवी विष्णु बिंदल, कांतिलाल बम एवं हरिनारायण विजयवर्गीय विशेष अतिथि होंगे। कार्यक्रम में संस्था सेवा सुरभि के माध्यम से पिछले 25 वर्षों से झंडा ऊँचा रहे हमारा अभियान का अलख जगाने और शहर की अनेक सड़कों को हरा-भरा बनाने वाले ओमप्रकाश नरेडा, गरीब एवं असहाय बच्चों को 23 वर्षों से निशुल्क कंप्यूटर शिक्षा एवं प्रशिक्षण देने वाले छत्रीपुरा थाने के प्रधान आरक्षक संजय सिंह राठौर, पिछले 32 वर्षों से मूक बधिर बच्चों की शिक्षा व्यवस्था संभाल रहे मुरलीधर धामानी, गत 45 वर्षों से धर्म एवं समाजसेवा के क्षेत्र में निस्वार्थ सेवाएँ दे रहे राजेंद्र गर्ग, गरीब बस्ती में पिछले 40 वर्षों से चिकित्सा सेवाओं में समर्पित डॉ. चेतन सेठिया, गत 30 वर्षों से लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करने में संस्था सुल्तान-ए-इंदौर कमिटी के सहयोगी अशोक गोयल तथा विकलांग बच्चों की सेवा में पिछले 35 वर्षों से विशेष योगदान दे रहे विकलांग केंद्र इंदौर के विनय जैन का सम्मान किया जाएगा।
इस अवसर पर हंसदास मठ के महामंडलेश्वर श्रीमहंत स्वामी रामचरणदास महाराज, महामंडलेश्वर पवनदास महाराज, अखंड धाम आश्रम के महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरुप, अंतर्राष्ट्रीय भागवताचार्य पं. पुष्पानंदन पवन तिवारी एवं सद्गुरु अण्णा महाराज के पावन सानिध्य में इन सभी सेवाभावी बंधुओं के सम्मान के साथ ही श्राद्ध पक्ष में होने वाले तर्पण महोत्सव तथा भागवत ज्ञान यज्ञ के आयोजन पर भी विचार मंथन किया जाएगा।


