जन्माष्टमी के जुलूस में शामिल होंगे शहर के 25 से अधिक यादव अहीर संगठन
समाज की केंद्रीय समिति की बैठक में जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियों पर किया गया विचार विमर्श
इंदौर। भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव इस बार भी यादव अहीर समाज धूमधाम से मनाएगा। यादव अहीर समाज केंद्रीय समिति के तत्वावधान में समाज के 25 से अधिक संगठनों की द्वितीय बैठक में जन्माष्टमी पर शुक्रवार, 4 सितम्बर को सुबह 10 बजे बड़ा गणपति चौराहे से श्रम शिविर, जेल रोड तक निकलने वाली परंपरागत शोभा यात्रा में सभी 25 संगठनों से जुड़े समाज बंधु परम्परागत परिधान में सपरिवार शामिल होंगे। जिले के अन्य कस्बों और गाँवों के समाज बंधुओं को भी इस जुलूस का न्योता भेजा जा रहा है। जुलूस में मथुरा-वृंदावन के लोक कलाकार भी शामिल होंगे तथा अनेक संगठन राधा कृष्ण पर केन्द्रित रंगारंग झांकियां भी बनाएँगे। इसकी व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं।
केंद्रीय समिति के संरक्षक दीपू यादव एवं अध्यक्ष ओंकार यादव ने बताया कि जन्माष्टमी उत्सव की तैयारियों के लिए शहर के विभिन्न यादव बाहुल्य क्षेत्रों में बैठकों का सिलसिला चल रहा है। बैठकों में पूर्व पार्षद रमेश उस्ताद, निगम सभापति मुन्नालाल यादव, इंटक अध्यक्ष श्याम सुंदर यादव, रामसमुझ यादव, देवेन्द्र सिंह यादव, अनिल यादव, राजेंद्र कुमार यादव, चैनसिंह यादव, प्रवेश यादव, पिंटू यादव एवं नीरज यादव तथा महिला संगठनों की ओर से कविता यादव, सुषमा यादव, अंजना यादव, चंद्रकांता यादव, ममता यादव सहित बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी पहुंचकर समाज बंधुओं से इस जुलूस में शामिल होने, झांकियां बनाने, यातायात व्यवस्था सँभालने, स्वागत मंच लगाने तथा अन्य तैयारियों पर मार्गदर्शन दे रहे हैं।
लगभग सभी स्थानों पर आयोजित बैठकों में निर्णय लिया गया कि समाज के महिला पुरुष परंपरागत परिधान में सज-धजकर आएंगे तथा बच्चे राधा-कृष्ण का श्रृंगार कर जुलूस में शामिल होंगे। मार्ग में लगने वाले स्वागत मंचों की व्यवस्था पर भी बैठकों में विचार विमर्श किया गया। यह तय किया गया कि पुष्प वर्षा के दौरान जुलूस का क्रम प्रभावित नहीं होने देंगे। जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे राधा और कृष्ण बनकर आएंगे। अनेक भजन मंडलियां भी शामिल रहेंगी। प्रसिद्ध बैंड, झांकियां, अखाड़े, नाशिक की ढोल-ताशा पार्टी, आदिवासी नृत्य पार्टी से लबरेज इस जुलूस का 50 से अधिक मंचों से जगह-जगह स्वागत होगा। यात्रा का समापन श्रम शिविर में आरती और प्रसादी वितरण के साथ होगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जुलूस की तैयारियों को अंतिम रूप देने हेतु अभी बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा। अध्यक्ष ओंकार यादव ने कहा कि विगत 24 वर्षों से यह यात्रा निकाली जा रही है, जिसमें यादव समाज के सभी संगठन तो शामिल होते ही हैं, अन्य समाजों के बंधु भी बड़ी संख्या में सहयोग करते हैं। इस बार भी यात्रा में रथ में विराजित राधारानी और लड्डू गोपाल की मनोहारी मूर्ति सुशोभित रहेगी। संरक्षक दीपू यादव ने 24 वर्ष पहले पूर्व विधायक रामलाल यादव द्वारा शुरू की गई शोभा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज बंधुओं के सहयोग से अब यह यात्रा रजत जयंती वर्ष में प्रवेश करने जा रही है जो हम सबके लिए सौभाग्य और प्रसन्नता की बात है। संचालन सुभाष यादव ने किया और आभार माना राजेंद्र कुमार यादव अधिवक्ता ने माना।


