अपने आसपास के जरुरतमन्द बच्चों को भी शिक्षित बनाएं
महाराजा अग्रसेन पारमार्थिक न्यास की ओर से 742 छात्रों को 55 लाख की शिक्षा सहायता वितरण में न्यायमूर्ति विनय सराफ का आह्वान
इंदौर, । शिक्षित और संस्कारित समाज एवं राष्ट्र के लिए शिक्षा बहुत जरुरी है। महाराजा अग्रसेन पारमार्थिक न्यास के माध्यम से पिछले 3 दशकों से जिन प्रतिभावान बच्चों को शिक्षा सहायता मिल रही है, वे यदि अपने आसपास के जरूरतमंद बच्चों के साथ सरकारी स्कूलों के बच्चों को भी शिक्षित बनाने का बीड़ा उठा लें तो निश्चित ही हम एक सभ्य और शालीन समाज की रफ़्तार को और अधिक गतिवान बना सकते हैं। बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए काउंसिलिंग की जरूरत होती है, उस दिशा में भी काम होना चाहिए। पूर्व राष्टपति डॉ. अब्दुल कलाम ने कहा था कि सपने वो नहीं होते जो सोते समय देखे जाते हैं बल्कि सपने वो होते हैं जो हमें सोने नहीं देते। शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह के सेवा कार्य सचमुच प्रशंसनीय और अनुकरणीय है। सरकारी स्कूलों के बच्चों को भी इस तरह की योजनाओं के दायरे में लाने का प्रयास करना चाहिए।
मप्र उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति विनय सराफ ने गीता भवन के सत्संग सभागृह में महाराज अग्रसेन पारमार्थिक न्यास के तत्वावधान में आयोजित “शिक्षादान महादान” अभियान के तहत समाज के 742 बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए स्वीकृत की गई 55 लाख से अधिक की सहायता राशि के वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उक्त प्रेरक विचार व्यक्त किए। समाजसेवी अक्षत मनीष सिंघल (दंगल टीवी), उद्योगपति बिनोद अग्रवाल (तिरुपति ग्रुप), टीकमचन्द गर्ग एवं निर्मल रामरतन अग्रवाल भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे और उन्होंने भी इस सेवा कार्य को अभिनव एवं प्रेरक बताया।
प्रारम्भ में न्यास के प्रमुख संरक्षक एवं उद्योगपति विनोद अग्रवाल (एमराल्ड समूह), प्रमुख परामर्शदाता प्रेमचंद गोयल, अध्यक्ष राम ऐरन, महामंत्री अरविन्द बागड़ी तथा उच्च शिक्षा समिति के चेयरमैन दिनेश मित्तल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। महामंत्री अरविन्द बागड़ी ने बताया कि न्यास द्वारा इस बार इस शिक्षा सत्र में 12वीं कक्षा तक के 742 छात्रों को शिक्षा सहायता के लिए चयनित किया गया, जिन्हें करीब 55 लाख रुपए से अधिक की शिक्षा सहायता राशि दी जा रही है। इनमें से गीता भवन सभागृह में आयोजित शिक्षादान महादान कार्यक्रम में सांकेतिक रूप से 100 बच्चों को आमंत्रित कर उन्हें सहायता राशि के चेक भेंट किए गए। शेष बच्चों को स्वीकृत की गई राशि सीधे उनके स्कूलों को भेजी जा रही है। न्यास के एसएन गोयल, नंदकिशोर कंदोई, समाजसेवी गणेश गोयल, संजय मंगल, अमिताभ सिंघल, दिलीप महानगर सहित अग्रवाल समाज के सभी प्रमुख संगठनों के पदाधिकारी इस अवसर पर मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद बागड़ी ने किया और आभार माना निर्मल रामरतन अग्रवाल ने।


